summer express ,यरूशलेम। इजराइल जा रही फ्लाईदुबई की एक उड़ान में को-पायलट द्वारा विमान को गिराने की कथित कोशिश के मामले में अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने ईरान को कड़ी चेतावनी दी है। ट्रंप ने कहा कि अगर जांच में को-पायलट के ईरान से संबंध सामने आते हैं तो तेहरान के खिलाफ बेहद कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
घटना फ्लाईदुबई की दुबई से तेल अवीव जा रही उड़ान में हुई। उड़ान के दौरान को-पायलट ने विमान के भारतीय कैप्टन स्मित मच्छार पर चाकू से हमला कर दिया। इसके बाद विमान तेजी से नीचे जाने लगा। कैप्टन और विमान में मौजूद अन्य लोगों की मदद से को-पायलट को काबू किया गया। इसके बाद विमान को सऊदी अरब में सुरक्षित उतार लिया गया। विमान में 180 से अधिक लोग सवार थे।
व्हाइट हाउस में पत्रकारों ने ट्रंप से पूछा कि क्या जांच में हमले के पीछे मौजूद को-पायलट और ईरान के बीच किसी संबंध की जानकारी मिली है। इस पर ट्रंप ने कहा कि मामले की जांच की जा रही है। उन्होंने संकेत दिया कि उन्हें मिली जानकारी के आधार पर ईरान से संबंध होने की संभावना है, हालांकि उन्होंने इसके समर्थन में कोई ठोस सबूत सार्वजनिक नहीं किया।
ट्रंप से जब पूछा गया कि अगर हमले में ईरान की भूमिका सामने आती है तो क्या अमेरिका तेहरान के खिलाफ जवाबी कार्रवाई करेगा, तो उन्होंने कहा कि ईरान पर बहुत जोरदार हमला किया जाएगा। उन्होंने यह भी कहा कि ईरानी पक्ष को पता है कि क्या हुआ है।
इस घटना की जांच के दौरान यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि को-पायलट ने विमान के कैप्टन पर हमला क्यों किया और क्या इसके पीछे किसी संगठन या बाहरी ताकत की भूमिका थी। घटना को लेकर संबंधित देशों की एजेंसियां भी जांच में जुटी हैं।
ट्रंप की यह टिप्पणी ऐसे समय आई है जब अमेरिका और ईरान के बीच तनाव बना हुआ है और युद्ध समाप्त करने को लेकर चल रही कूटनीतिक कोशिशों पर भी अनिश्चितता है। ईरानी अधिकारियों ने हाल में युद्ध समाप्त करने के लिए अपने प्रस्ताव पर अमेरिका से जवाब मिलने की जानकारी दी थी। वहीं, ट्रंप पहले ही ईरान के प्रस्ताव को स्वीकार करने से इनकार कर चुके हैं।