गोंडा। स्पेशल टास्क फोर्स (एसटीएफ) ने गोंडा के 50 हजार रुपये के इनामी गैंगस्टर रितिक सिंह उर्फ बिल्लू को हरियाणा के यमुनानगर से गिरफ्तार किया है। रितिक पर परसपुर थाना में गैंगस्टर एक्ट के तहत कई मामले दर्ज हैं। उसकी गिरफ्तारी से जिले की पुलिस को लंबे समय से फरार चल रहे अपराधी को पकड़ने में बड़ी राहत मिली है।
एसटीएफ के अनुसार, रितिक सिंह मूल रूप से गोंडा जिले के काली सिंह पुरवा मधईपुर, खांडेराय थाना परसपुर का निवासी है। वह हरियाणा में छिपकर रह रहा था। छह फरवरी को पीके ब्रदर्स फैक्ट्री, राजावाला बाग देवी भवन मंदिर के पीछे, थाना शहर जगाधरी, यमुनानगर से उसे दबोचा गया।
पूछताछ में रितिक ने स्वीकार किया कि वह अपने साथियों मलखान सिंह, जाकिर, रिजवान, सनी, योगेश और अंकित के साथ मिलकर विभिन्न शराब और बीयर की दुकानों में चोरी की घटनाओं को अंजाम देता था। चोरी की रकम आपस में बाँटी जाती थी। एसटीएफ ने बताया कि मोहना में एक और चोरी की योजना बनाते समय उसके कुछ साथी पहले ही पुलिस के हत्थे चढ़ चुके थे।
एसटीएफ अधिकारी ने बताया कि रितिक सिंह का आपराधिक इतिहास लंबा है और उसके खिलाफ परसपुर थाने में कई संगीन धाराओं में मामले दर्ज हैं। इस गिरफ्तारी से न सिर्फ कानून व्यवस्था मजबूत होगी, बल्कि प्रदेश में सक्रिय अपराधियों पर नियंत्रण में भी मदद मिलेगी।