गुरुग्राम। गुरुग्राम के सेक्टर-50 थाना क्षेत्र में स्थित सेक्टर-49 के आईटी स्पेस पार्क में मंगलवार तड़के एक युवक की आठवीं मंजिल से गिरने से मौत हो गई। युवक का शव इमारत के नीचे परिसर में संदिग्ध परिस्थितियों में मिला, जिससे इलाके में हड़कंप मच गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार यह घटना मंगलवार सुबह करीब साढ़े चार बजे की है। जिस फ्लोर से युवक गिरा, उसी मंजिल पर स्थित एक कंपनी के कार्यालय में वह कार्यरत था। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भिजवा दिया गया।
सेक्टर-50 थाना पुलिस के मुताबिक मृतक की पहचान 34 वर्षीय वरुण शंकर के रूप में हुई है। आईटी स्पेस पार्क में तैनात सुरक्षा गार्डों ने सुबह पुलिस कंट्रोल रूम को युवक के नीचे गिरने की सूचना दी थी। इसके बाद उसे तुरंत एक निजी अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि युवक ने आत्महत्या की या किसी अन्य कारणवश वह नीचे गिरा। शुरुआती जांच में सामने आया है कि आईटी स्पेस पार्क की इस इमारत में कई कंपनियों के कार्यालय संचालित होते हैं और वरुण शंकर उसी आठवीं मंजिल पर स्थित कंपनी में काम करता था।
पुलिस ने बताया कि मृतक मूल रूप से बेंगलुरु का रहने वाला था। घटना की जानकारी उसके परिजनों को दे दी गई है। मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है और कंपनी के कर्मचारियों व अधिकारियों से भी पूछताछ की जाएगी, ताकि घटना के कारणों का पता लगाया जा सके।