मेक्सिको सिटी। मेक्सिको के हिंसाग्रस्त गुआनजुआटो राज्य में मंगलवार रात एक सांस्कृतिक समारोह खूनखराबे में तब्दील हो गया। इरापुआटो शहर में सेंट जॉन द बैपटिस्ट के सम्मान में आयोजित कार्यक्रम के दौरान अज्ञात बंदूकधारियों ने अंधाधुंध फायरिंग कर दी, जिसमें 12 लोगों की मौत हो गई, जिनमें एक नाबालिग भी शामिल है। हमले में करीब 20 लोग घायल हुए हैं।
जश्न के बीच मची अफरातफरी
चश्मदीदों और वायरल वीडियो के मुताबिक, जब स्थानीय युवक-युवतियां तेज़ संगीत पर झूम रहे थे, तभी गोलियों की आवाज ने माहौल को दहशत में बदल दिया। लोग जान बचाने के लिए इधर-उधर भागते नजर आए। कुछ ही पलों में रंग-बिरंगी लाइटों के बीच चल रहा जश्न, चीख-पुकार और भगदड़ में तब्दील हो गया।
प्रशासन की पुष्टि, जांच शुरू
इरापुआटो के नगरपालिका अधिकारी रोडोल्फो गमेज सर्वेंट्स ने हमले की पुष्टि करते हुए बताया कि घायलों का इलाज स्थानीय अस्पतालों में चल रहा है। हमले के पीछे की वजह फिलहाल स्पष्ट नहीं है लेकिन प्रारंभिक जांच शुरू कर दी गई है।
राष्ट्रपति का कड़ा रुख
मेक्सिको की राष्ट्रपति क्लाउडिया शिनबाम ने घटना की कड़े शब्दों में निंदा की और भरोसा दिलाया कि दोषियों को किसी भी सूरत में छोड़ा नहीं जाएगा। उन्होंने मामले की गहन जांच और राज्य में सुरक्षा को मजबूत करने के निर्देश दिए हैं।
गुआनजुआटो: लगातार हिंसा की चपेट में
गुआनजुआटो राज्य लंबे समय से ड्रग कार्टेल और संगठित अपराध के चलते हिंसा का गढ़ बना हुआ है। अकेले साल 2025 के पहले पांच महीनों में यहां 1,400 से ज्यादा हत्याएं दर्ज की गई हैं, जो देश में सबसे अधिक हैं।
पहले भी हो चुके हैं ऐसे हमले
यह पहली बार नहीं है जब राज्य में धार्मिक या सामाजिक कार्यक्रम को निशाना बनाया गया हो। पिछले महीने सैन बार्टोलो डे बेरियोस में एक धार्मिक सभा के दौरान हुई फायरिंग में सात लोगों की जान गई थी।