Summer express,रोहतक। जिले के सबसे बड़े गांव मोखरा में जमीन विवाद ने खूनी रूप ले लिया। चार बीघा जमीन को लेकर लंबे समय से चली आ रही रंजिश के चलते देर रात एक किसान की पीट-पीटकर हत्या कर दी गई। मृतक की पहचान ओमबीर उर्फ ओमला के रूप में हुई है। उनका शव गांव के गोगापीर मंदिर के पास एक गली में खून से लथपथ हालत में मिला। घटना के बाद इलाके में तनाव का माहौल है, जबकि पुलिस ने आठ लोगों के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।
मृतक के बेटे विजय उर्फ सोनू ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि रात करीब 11:15 बजे गांव के दो युवक मोनू और सूरज घबराए हुए उसके पास पहुंचे और बताया कि उसके पिता गोगापीर मंदिर के सामने गली में गंभीर रूप से घायल अवस्था में पड़े हैं। सूचना मिलते ही वह मौके पर पहुंचा, जहां उसके पिता के सिर से खून बह रहा था और उनकी मौत हो चुकी थी। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई।
सूचना मिलने पर बहुअकबरपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू की। परिजनों का आरोप है कि गांव में चार बीघा जमीन के लेन-देन को लेकर दोनों पक्षों के बीच लंबे समय से विवाद चल रहा था। इसी मामले में अप्रैल माह के दौरान दोनों पक्षों ने एक-दूसरे के खिलाफ मुकदमे भी दर्ज कराए थे।
शिकायत के अनुसार, इसी पुरानी रंजिश के चलते अजय, ललित, रिम्पी, फूल सिंह, बिमलेश, माड़ू, मोनू और छोटू ने कथित रूप से सुनियोजित तरीके से ओमबीर पर हमला किया और उनकी हत्या कर दी। पुलिस ने सभी आरोपियों के खिलाफ हत्या सहित विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है।
थाना प्रभारी महेश कुमार ने बताया कि मामले की जांच के लिए सीआईए और थाना पुलिस की संयुक्त टीमें गठित की गई हैं। आरोपी गिरफ्तारी से बचने के लिए फरार हैं और उनकी तलाश में लगातार दबिश दी जा रही है। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया है। किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए गांव में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है।
उल्लेखनीय है कि जिले में लगातार दूसरे दिन हत्या की वारदात सामने आई है। इससे एक दिन पहले रोहतक की नेहरू कॉलोनी में एक महिला की गला घोंटकर हत्या कर दी गई थी, जिसके आरोप में उसके पति और एक अन्य महिला के खिलाफ मामला दर्ज किया गया था। दोनों आरोपी अभी पुलिस गिरफ्त से बाहर हैं।