Summer express/सोलन-: स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण, सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता तथा सैनिक कल्याण मंत्री कर्नल डॉ. धनीराम शांडिल ने सोलन विधानसभा क्षेत्र में चल रहे विभिन्न विकास कार्यों की प्रगति की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को परियोजनाओं में तेजी लाने और निर्धारित समयसीमा के भीतर कार्य पूरा करने के निर्देश दिए।डॉ. शांडिल ने जिला एवं उपमंडल स्तर के अधिकारियों तथा राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण के अधिकारियों के साथ आयोजित बैठक की अध्यक्षता की। उन्होंने विभिन्न विकास परियोजनाओं की वर्तमान स्थिति, कार्य प्रगति तथा उनके क्रियान्वयन में आ रही बाधाओं की विस्तृत जानकारी ली।उन्होंने कहा कि विकास कार्यों का समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण निष्पादन प्रदेश सरकार की प्राथमिकता है। उन्होंने अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए लंबित परियोजनाओं को गति देने तथा निर्माण कार्यों की नियमित निगरानी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि किसी भी प्रशासनिक या तकनीकी समस्या का प्राथमिकता के आधार पर समाधान किया जाना चाहिए, ताकि विकास योजनाओं का लाभ आम लोगों तक समय पर पहुंच सके।
स्वास्थ्य मंत्री ने कृषि विभाग के अधिकारियों को किसानों को सरकारी योजनाओं की जानकारी देने के लिए नियमित रूप से जागरूकता शिविर आयोजित करने के निर्देश दिए। लोक निर्माण विभाग को स्कूलों की मरम्मत, आयुष विभाग के भवन निर्माण तथा बाईपास के समीप चिन्हित सड़क पर स्पीड ब्रेकर लगाने के संबंध में आवश्यक कार्रवाई करने को कहा।उन्होंने स्वास्थ्य विभाग को जिले में क्षय रोग के प्रति लोगों को जागरूक करने के लिए विशेष शिविर आयोजित करने के निर्देश भी दिए।
बैठक के दौरान नगर निगम अधिकारियों ने बताया कि पुराने बस स्टैंड के समीप सेना की भूमि के हस्तांतरण को लेकर हिमाचल प्रदेश सरकार और भारतीय सेना के बीच पत्राचार जारी है। इस संबंध में डॉ. शांडिल ने रक्षा सम्पदा अधिकारी, अंबाला से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से बातचीत भी की।राष्ट्रीय राजमार्ग से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर भी बैठक में विस्तार से चर्चा हुई। इनमें ग्राम पंचायत सिरीनगर के डोलग के समीप चट्टान हटाने, जल शक्ति विभाग कार्यालय कंडाघाट तथा वाकना संपर्क मार्ग के पास राष्ट्रीय राजमार्ग पर मध्यम कट उपलब्ध करवाने, मनसार स्थित राजकीय माध्यमिक विद्यालय और धियारीघाट के समीप फ्लाईओवर निर्माण तथा हिमाचल पथ परिवहन निगम की कार्यशाला से चंबाघाट तक पैदल मार्ग के निर्माण के मुद्दे शामिल रहे।गांव मनसार के लिए राष्ट्रीय राजमार्ग के साथ उचित जल निकासी व्यवस्था और वर्षा शालिका निर्माण को लेकर भी चर्चा की गई।जल शक्ति विभाग के अधीक्षण अभियंता ने बताया कि क्षेत्र में जल जीवन मिशन के तहत तीन परियोजनाओं का कार्य करीब 90 प्रतिशत पूरा हो चुका है। लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता ने जानकारी दी कि सोलन मंडल में 80 किलोमीटर सड़क पर टायरिंग और पेचवर्क का कार्य पूरा किया जा चुका है।
विद्युत बोर्ड के अतिरिक्त अधीक्षण अभियंता ने बताया कि सोलन शहर में गैस इंसुलेटेड उपकेंद्र योजना का कार्य दिसंबर माह तक पूरा कर लिया जाएगा। जिला कल्याण अधिकारी ने बताया कि सहारा योजना के तहत पूरे प्रदेश में सोलन जिले में सर्वाधिक लाभार्थियों को योजना का लाभ मिल रहा है।बैठक में नगर निगम, कृषि, बागवानी, शिक्षा और ग्रामीण विकास सहित विभिन्न विभागों से संबंधित विकास कार्यों की भी समीक्षा की गई।इसके बाद डॉ. शांडिल ने कथेड़ स्थित निर्माणाधीन 200 बिस्तरों वाले क्षेत्रीय अस्पताल, लेवल-3 ट्रॉमा सेंटर तथा 50 बिस्तरों वाले मातृ-शिशु अस्पताल विंग का निरीक्षण कर निर्माण कार्यों की प्रगति का जायजा लिया।अतिरिक्त उपायुक्त सोलन दिव्यांशु सिंगल ने बैठक की कार्यवाही का संचालन किया।