summer express , अंबाला (अंकुर कपूर)। अंबाला में नशे के कारोबार पर अंकुश लगाने के लिए पुलिस ने अपनी कार्रवाई तेज कर दी है। एंटी नारकोटिक सेल और सीआईए की टीमें लगातार संदिग्ध ठिकानों पर छापेमारी कर नशा तस्करों की धरपकड़ में जुटी हैं। इसी कड़ी में अंबाला छावनी सदर थाना पुलिस ने नशे के खिलाफ व्यापक कॉम्बिंग अभियान चलाते हुए ढेहा बस्ती समेत कई संदिग्ध इलाकों में सर्च ऑपरेशन किया।
थाना प्रभारी धर्मवीर सैनी के नेतृत्व में चलाए गए इस अभियान में एंटी नारकोटिक सेल के कर्मचारियों के साथ पुलिस की टीमें शामिल रहीं। तलाशी अभियान के दौरान पुलिस ने डॉग स्क्वायड की भी मदद ली। करीब दो घंटे तक चले अभियान में पुलिस कर्मियों ने घर-घर और गली-गली जाकर संदिग्ध स्थानों की जांच की। पुलिस की इस कार्रवाई से इलाके में हड़कंप की स्थिति रही और नशे के कारोबार से जुड़े लोगों में भी खलबली मची।
पुलिस के अनुसार, अभियान के दौरान बड़ी मात्रा में नशीला पदार्थ बरामद नहीं हुआ। हालांकि पुलिस का कहना है कि ऐसे अभियानों का उद्देश्य नशे के संभावित ठिकानों की पहचान करने के साथ तस्करों पर दबाव बनाना और संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखना है। पुलिस लगातार उन इलाकों की निगरानी कर रही है, जहां नशे के कारोबार या सेवन की शिकायतें सामने आती रही हैं।
थाना प्रभारी धर्मवीर सैनी ने कहा कि नशे के खिलाफ पुलिस की कार्रवाई लगातार जारी रहेगी। समय-समय पर संदिग्ध इलाकों में कॉम्बिंग अभियान और तलाशी अभियान चलाए जाएंगे। उन्होंने लोगों से अपील की कि यदि उनके आसपास कहीं नशीले पदार्थों की बिक्री या अन्य संदिग्ध गतिविधियां दिखाई देती हैं तो इसकी सूचना तुरंत पुलिस को दें। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि आम लोगों के सहयोग से नशे के खिलाफ अभियान को और प्रभावी बनाया जा सकता है।