summer express ,सुन्दर कुंडू ,फरीदाबाद। मोबाइल की स्क्रीन पर स्क्रैच आने से नाराज मां ने अपने दो छोटे बच्चों के साथ कथित तौर पर मारपीट कर दी। आरोप है कि मां ने छह वर्षीय बेटी को महज 12 सेकंड में आठ थप्पड़ मारे, जबकि चार वर्षीय बेटे को करीब सात सेकंड में चार थप्पड़ जड़े। बच्चों के रोने और चीखने की आवाज सुनकर पड़ोस में रहने वाला एक युवक मौके पर पहुंचा। घर में लगे सीसीटीवी कैमरे में पूरी घटना रिकॉर्ड हो गई। मामले को लेकर बच्चों के दादा ने पर्वतिया कॉलोनी चौकी में शिकायत दी है।
बच्चों के पिता सतबीर (31) सेना में नायक के पद पर तैनात हैं और वर्तमान में राजस्थान में ड्यूटी कर रहे हैं। सतबीर ने बताया कि वह नगला पार्ट-2 के रहने वाले हैं। 2016 में 12वीं की पढ़ाई पूरी करने के बाद वह सेना में भर्ती हुए थे। वर्ष 2019 में उनकी शादी सागरपुर निवासी सोनिया (28) से हुई थी। सोनिया बीए तक पढ़ी हैं। दंपती के दो बच्चे हैं, जिनमें बेटी छह साल की और बेटा चार साल का है।
पिता का आरोप है कि पत्नी ने पहले भी बच्चों के साथ मारपीट की है। उनके मुताबिक, सेना में नौकरी होने के कारण वह लंबे समय तक घर से दूर रहते हैं। उनकी पत्नी बच्चों और उनके माता-पिता के साथ घर पर रहती है। सतबीर का आरोप है कि पत्नी छोटी-छोटी बातों को लेकर बच्चों की पिटाई करती रही है।
उन्होंने बताया कि जब भी उन्होंने पत्नी के मायके वालों से बच्चों के साथ मारपीट को लेकर शिकायत की, तो कथित तौर पर उन्हें झूठे मामले में फंसाने की धमकी दी गई। मोबाइल की स्क्रीन पर स्क्रैच आने के बाद बच्चों की पिटाई की ताजा घटना सीसीटीवी कैमरे में कैद होने के बाद मामला सामने आया।
घटना के बाद बच्चों के दादा ने पर्वतिया कॉलोनी चौकी में शिकायत देकर मामले में कार्रवाई की मांग की है। पुलिस शिकायत और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर मामले की जांच कर रही है।