summer express ,शाहाबाद। एशियन गेम्स 2026 में भारतीय महिला हॉकी टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए दक्षिण कोरिया को 2-0 से हराकर फाइनल में जगह बना ली है। अब स्वर्ण पदक के लिए भारतीय टीम का सामना चीन से होगा। टीम की इस सफलता में शाहाबाद की बेटी और अनुभवी हॉकी खिलाड़ी नवनीत कौर भी अहम भूमिका निभा रही हैं।
टूर्नामेंट में नवनीत कौर अब तक करीब 10 गोल कर चुकी हैं। उनके लगातार प्रभावी प्रदर्शन के चलते वह भारतीय टीम की आक्रमण पंक्ति की प्रमुख खिलाड़ियों में शामिल हैं। नवनीत कौर पद्मश्री से सम्मानित हॉकी कोच बलदेव सिंह की शिष्या रही हैं।
भारतीय टीम के फाइनल में पहुंचने के बाद हरियाणा राज्य सहकारी कृषि एवं ग्रामीण विकास बैंक के चेयरमैन सुभाष कलसाना बुधवार को नवनीत कौर के घर पहुंचे। उन्होंने उनके पिता बूटा सिंह, माता बलविंदर कौर और भाई युवराज सिंह से मुलाकात कर टीम की उपलब्धि और नवनीत के प्रदर्शन पर बधाई दी।
सुभाष कलसाना ने कहा कि नवनीत कौर ने अपने खेल से शाहाबाद के साथ-साथ हरियाणा और देश का नाम रोशन किया है। एशियन गेम्स जैसे अंतरराष्ट्रीय मंच पर लगातार बेहतर प्रदर्शन उनकी मेहनत, प्रतिभा और खेल के प्रति समर्पण को दर्शाता है। उन्होंने कहा कि यह पूरे शाहाबाद क्षेत्र के लिए गर्व की बात है कि यहां की बेटी भारतीय टीम का प्रतिनिधित्व करते हुए देश के लिए शानदार प्रदर्शन कर रही है।
उन्होंने कहा कि भारतीय महिला हॉकी टीम अब स्वर्ण पदक से सिर्फ एक जीत दूर है। फाइनल मुकाबले को लेकर देशभर के खेल प्रशंसकों की नजरें भारतीय टीम पर हैं। उन्होंने नवनीत कौर सहित पूरी टीम को फाइनल के लिए शुभकामनाएं दीं और उम्मीद जताई कि खिलाड़ी पदक के लिए अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करेंगी।
भारतीय महिला हॉकी टीम के लिए यह मुकाबला ऐतिहासिक महत्व रखता है। टीम ने इससे पहले 1982 के एशियन गेम्स में स्वर्ण पदक जीता था। ऐसे में 44 साल बाद एक बार फिर स्वर्ण पदक हासिल करने का मौका भारतीय टीम के सामने है।
इस अवसर पर रजत बंसल, पार्षद ईशा सचदेवा, युवराज सिंह, अधिवक्ता मनदीप रावा, पूर्व वाइस चेयरमैन रिंकू चहल, रिंकू बैरागी समेत अन्य लोग मौजूद रहे।