समर न्यूज। चंडीगढ़
पंजाब एवं हरियाणा उच्च न्यायालय ने पंचकूला के सकेतड़ी में रहने वाले 83 वर्षीय गुरमीत सिंह और उनकी 72 वर्षीय पत्नी कुलदीप कौर को बड़ी राहत प्रदान की है। उच्च न्यायालय ने बुजुर्ग दंपती को उनके आवासीय मकान से बेदखल करने पर अंतरिम रोक लगा दी है। न्यायमूर्ति जसगुरप्रीत सिंह पुरी और न्यायमूर्ति प्रवींद्र सिंह की खंडपीठ ने मामले में प्रतिवादियों को नोटिस जारी करते हुए यह आदेश दिया।
याचिकाकर्ता बुजुर्ग दंपती ने उच्च न्यायालय को बताया कि वे सकेतड़ी स्थित एक मकान के मालिक थे। कुछ वर्ष पहले उन्होंने प्यार और स्नेह के चलते संपत्ति हस्तांतरण दस्तावेज के माध्यम से अपना मकान पोते के नाम कर दिया था। हालांकि, बाद में पोते द्वारा उनके साथ उचित व्यवहार नहीं किए जाने के कारण उन्होंने माता-पिता एवं वरिष्ठ नागरिकों का भरण-पोषण तथा कल्याण अधिनियम, 2007 के तहत याचिका दायर की थी। इसके बाद दो जून 2026 को जारी आदेश के तहत पोते के नाम किया गया संपत्ति हस्तांतरण रद्द कर
दिया गया और मकान का मालिकाना हक दोबारा बुजुर्ग दंपती को
सौंप दिया गया।
बुजुर्ग दंपती ने अदालत को बताया कि जिस अवधि के दौरान मकान उनके पोते के नाम था, उसी दौरान उसने संपत्ति को एक वित्तीय संस्थान के पास गिरवी रख दिया था। बुजुर्ग दंपती उसी मकान में रह रहे हैं।
याचिकाकर्ताओं की ओर से पेश अधिवक्ता साहिल सिंगला ने दलील दी कि न्यायिक आदेश के तहत संपत्ति का मालिकाना हक बुजुर्ग दंपती को वापस मिल चुका है। ऐसे में उक्त संपत्ति के खिलाफ सरफेसी अधिनियम के तहत कार्रवाई नहीं की जा सकती।