Summer express/राहुल चावला, धर्मशाला।हिमाचल प्रदेश के कांगड़ा जिले में नए जिलों के गठन को लेकर सियासत तेज हो गई है। आयुष मंत्री यादवेंद्र गोमा ने कहा है कि नए जिलों के गठन को लेकर सरकार और कांग्रेस पार्टी में कोई मतभेद नहीं हैं। सरकार कमेटी की रिपोर्ट और जनभावनाओं के आधार पर फैसला लेगी। उन्होंने संकेत दिए कि यदि कमेटी की सिफारिशें सकारात्मक रहती हैं तो जयसिंहपुर, पालमपुर, सुलह और बैजनाथ विधानसभा क्षेत्रों को मिलाकर नया जिला बनाने की मांग मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू के समक्ष रखेंगे।गोमा ने कहा कि कांगड़ा प्रदेश का सबसे बड़ा जिला है और इसके कई क्षेत्र भौगोलिक रूप से जिला मुख्यालय से काफी दूर हैं। ऐसे में लोगों को प्रशासनिक कार्यों के लिए आने-जाने में काफी परेशानी होती है। उन्होंने अपने विधानसभा क्षेत्र जयसिंहपुर का उदाहरण देते हुए कहा कि यहां से कांगड़ा जिले के कई दूरदराज के क्षेत्रों तक पहुंचना बेहद मुश्किल है। इसलिए प्रशासनिक सुविधाओं को बेहतर बनाने के लिए नए जिलों की आवश्यकता पर विचार होना चाहिए।
नगरोटा बगवां के विधायक एवं मंत्री आरएस बाली की ओर से कांगड़ा जिले के विभाजन पर जताई जा रही आपत्ति को लेकर गोमा ने कहा कि हर क्षेत्र की अपनी परिस्थितियां और जनभावनाएं हैं। नगरोटा से धर्मशाला की दूरी 10 किलोमीटर से भी कम है, जबकि दूरदराज के क्षेत्रों से लोगों को जिला मुख्यालय पहुंचने में साढ़े तीन से चार घंटे तक लग जाते हैं। सरकार को सभी क्षेत्रों की जरूरतों को ध्यान में रखकर निर्णय लेना होगा।विधानसभा में भाजपा की ओर से भ्रष्टाचार के आरोप लगाए जाने पर गोमा ने विपक्ष को घेरा। उन्होंने कहा कि यदि भाजपा के पास भ्रष्टाचार के ठोस प्रमाण हैं तो उन्हें सदन में तथ्यों के साथ सामने रखना चाहिए। केवल स्कूल, डे-बोर्डिंग स्कूल या स्वास्थ्य संस्थान नहीं बनने को भ्रष्टाचार का प्रमाण नहीं माना जा सकता।वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव में कांग्रेस की वापसी के सवाल पर उन्होंने कहा कि हर राजनीतिक दल जीत का दावा करता है, लेकिन जनता सरकार के कामकाज के आधार पर फैसला करेगी। उन्होंने किशाऊ बांध परियोजना, वाइल्ड फ्लावर हॉल और बीबीएमबी से जुड़े मामलों का जिक्र करते हुए कहा कि मुख्यमंत्री ने हिमाचल के हितों की लड़ाई मजबूती से लड़ी है। गोमा ने भाजपा पर निशाना साधते हुए कहा कि विपक्ष को 2027 के चुनाव की चिंता करने से पहले अपने गुटों को संभालना चाहिए।