Summer express/कांगड़ा-:मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविन्द्र सिंह सुक्खू ने आज कांगड़ा जिले के टांडा में आयोजित प्राकृतिक खेती किसान सम्मेलन में किसानों से सीधा संवाद किया। इस दौरान किसानों ने प्राकृतिक खेती से जुड़े अपने अनुभव साझा किए और प्रदेश सरकार की किसान हितैषी योजनाओं की सराहना की। किसानों ने कहा कि प्राकृतिक खेती के उत्पादों को न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) से जोड़ने की पहल से उन्हें अपनी मेहनत का उचित मूल्य मिल रहा है और खेती के प्रति उनका रुझान बढ़ा है।
प्रागपुर से आए एक किसान ने मुख्यमंत्री से संवाद करते हुए कहा कि प्राकृतिक खेती के उत्पादों को एमएसपी मिलने से अब उनकी उपज का भुगतान सीधे बैंक खाते में पहुंच रहा है। उन्होंने भावुक होते हुए कहा, ‘‘मुख्यमंत्री जी, अब पता चला कि जमीन भी सोना उगलती है।’’ उन्होंने कहा कि राज्य सरकार की इस पहल से किसानों को उनकी मेहनत का वास्तविक लाभ मिल रहा है।लंबागांव के पुनीचंद राणा ने बताया कि पहले गांव में 70 से 80 प्रतिशत जमीन खाली पड़ी रहती थी और वहां झाड़ियां उग आई थीं। प्राकृतिक खेती को प्रोत्साहन मिलने के बाद अब किसान हल्दी की खेती कर रहे हैं और इसे बीज के रूप में बेचकर अच्छी आमदनी अर्जित कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि प्राकृतिक उत्पादों को एमएसपी मिलने से किसान प्रोत्साहित हुए हैं और दोबारा खेती की ओर लौट रहे हैं।बैजनाथ की सुनीता कुमारी ने मुख्यमंत्री से सीधे संवाद का अवसर देने के लिए सरकार का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि वर्तमान सरकार के कार्यकाल में छोटे किसानों को महत्व मिला है और प्राकृतिक खेती को बढ़ावा देने के प्रयासों से उन्हें लाभ मिल रहा है।
भेड़ू ब्लॉक के राजेंद्र सिंह ने बताया कि पिछले वर्ष उन्होंने पांच क्विंटल गेहूं और डेढ़ क्विंटल हल्दी सरकार को बेची। इसके अतिरिक्त विभिन्न सरकारी योजनाओं के माध्यम से उन्हें अनुदान भी मिला है। उन्होंने किसान हित में चलाई जा रही योजनाओं के लिए राज्य सरकार का आभार जताया।पठियार निवासी सुनीता रानी ने कहा कि उन्होंने प्राकृतिक खेती की शुरुआत अपने किचन गार्डन से की थी और अब मक्की की खेती कर रही हैं। भविष्य में वह हल्दी की खेती का भी विस्तार करना चाहती हैं।
धर्मशाला की गीता देवी ने बताया कि उनके पास अपनी जमीन नहीं है, लेकिन वह लीज पर जमीन लेकर प्राकृतिक खेती कर रही हैं। उन्हें देखकर आसपास के लोग भी इस खेती पद्धति को अपनाने के लिए प्रेरित हो रहे हैं। उन्होंने कहा कि सरकार किसानों की उपज का उचित मूल्य देकर उन्हें प्रोत्साहित कर रही है।
नूरपुर के एक किसान ने बताया कि आम के बगीचों में खाली पड़ी जमीन पर हल्दी की खेती करने से उन्हें अतिरिक्त आमदनी हो रही है। इससे उन्हें दोहरा लाभ मिल रहा है। उन्होंने बाड़बंदी के लिए राज्य सरकार से अनुदान मिलने का भी उल्लेख किया। साथ ही बताया कि वह खेती के साथ पशुपालन भी कर रहे हैं।बैजनाथ के नवेंद्र कटोच ने कहा कि प्राकृतिक खेती के उत्पादों और दूध के लिए न्यूनतम समर्थन मूल्य निर्धारित करना राज्य सरकार की दूरदर्शी सोच है। इससे किसानों को अपनी मेहनत का बेहतर मूल्य मिल रहा है। उन्होंने बताया कि बैजनाथ क्षेत्र में लगभग 100 हेक्टेयर भूमि पर किसान रासायनिक खेती छोड़कर प्राकृतिक खेती अपना चुके हैं।