Summer express, आगरा। उत्तर प्रदेश के आगरा में महज 120 वर्ग फुट जमीन के विवाद ने खूनी रूप ले लिया। संपत्ति को लेकर हुए विवाद में एक जिम ट्रेनर की उसके ही दो सगे भाइयों और भतीजों ने कथित तौर पर पीट-पीटकर हत्या कर दी। वारदात का एक दिल दहला देने वाला वीडियो भी सामने आया है, जिसमें आरोपियों को पीड़ित के सिर और चेहरे पर पत्थरों से ताबड़तोड़ वार करते देखा जा सकता है। हमले की बर्बरता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि एक आरोपी ने महज 17 सेकंड के भीतर बड़े पत्थर से चार बार उसके सिर और चेहरे पर हमला किया।
मृतक की पहचान शाहिद के रूप में हुई है। वह जिम ट्रेनर होने के साथ-साथ किराने की दुकान भी चलाता था। जानकारी के मुताबिक, शाहिद का अपने बड़े भाई अफसर और छोटे भाई बंटी कुरैशी के साथ 120 वर्ग फुट जमीन को लेकर लंबे समय से विवाद चल रहा था। परिवार का दावा है कि इस जमीन को लेकर अदालत में मुकदमा जीतने के बावजूद अफसर और बंटी उस पर कब्जा करने की कोशिश कर रहे थे।
बताया जा रहा है कि सोमवार को अफसर और बंटी कुछ अन्य लोगों के साथ विवादित जमीन पर पहुंचे और वहां निर्माण कार्य शुरू कर दिया। शाहिद ने इसका विरोध करते हुए पुलिस को शिकायत दी। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और निर्माण कार्य रुकवा दिया। हालांकि, इसके बावजूद दोनों पक्षों के बीच तनाव कम नहीं हुआ। मंगलवार को जमीन के विवाद को लेकर परिवार की महिलाओं के बीच भी कहासुनी हो गई, जो बाद में झगड़े में बदल गई।
इसके बाद शाहिद अपने दोस्त दिलशाद के साथ मामले की दोबारा शिकायत करने के लिए स्कूटर पर निकला। घर से करीब 150 मीटर की दूरी पर आरोपियों ने दोनों को रास्ते में रोक लिया। शुरुआत में शाहिद और दिलशाद के साथ लात-घूंसों से मारपीट की गई और उन्हें स्कूटर से नीचे गिरा दिया गया। इसी दौरान अफसर के बेटे मेहताब और आफताब भी मौके पर पहुंच गए। आरोप है कि दोनों ने शाहिद पर पत्थरों से हमला करना शुरू कर दिया।
हमले के दौरान शाहिद जमीन पर गिर पड़ा, लेकिन आरोपियों ने उस पर वार करना बंद नहीं किया। वीडियो में मेहताब को एक भारी पत्थर उठाकर शाहिद के चेहरे और सिर पर लगातार हमला करते देखा जा सकता है। बताया गया है कि उसने महज 17 सेकंड में चार बार पत्थर से वार किया। इस हमले में शाहिद गंभीर रूप से घायल होकर खून से लथपथ हो गया।
वारदात के बाद आरोपियों ने शाहिद के घायल शरीर को नाले में फेंकने की कोशिश की, लेकिन आसपास मौजूद लोगों के शोर मचाने पर वे मौके से फरार हो गए। इस दौरान दिलशाद किसी तरह वहां से निकलकर शाहिद के घर पहुंचा और परिजनों को पूरी घटना की जानकारी दी। परिवार के सदस्य तुरंत शाहिद को लेकर पुलिस स्टेशन पहुंचे। इसके बाद उसे जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां से हालत गंभीर होने के कारण एक निजी अस्पताल रेफर कर दिया गया। हालांकि, वहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
शाहिद अपने पीछे पत्नी, तीन बेटे और एक बेटी को छोड़ गया है। घटना के बाद परिवार में मातम पसरा हुआ है। एसीपी हरिपरवत बजरंग प्रसाद ने बताया कि दिलशाद की शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस की कई टीमें आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए दबिश दे रही हैं। पुलिस मामले की जांच कर रही है और फरार आरोपियों की तलाश जारी है।