Summer express/हमीरपुर, अरविंद-। मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने हिम केयर योजना में कथित फर्जी बिलों के मामले को लेकर भाजपा पर निशाना साधते हुए कहा कि पूर्व भाजपा सरकार के कार्यकाल में गलत बिल बनाकर जनता के पैसे का दुरुपयोग किया गया। अब प्रदेश सरकार इस मामले में कार्रवाई कर रही है तो कुछ लोगों को परेशानी हो रही है। मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया कि विधानसभा में इस मामले से संबंधित जानकारी मेडिकल की तकनीकी भाषा में रखी गई है। इसमें किसी भी तरह की अभद्र भाषा या अपशब्दों का इस्तेमाल नहीं किया गया।
मीडिया से बातचीत में मुख्यमंत्री ने कहा कि जिस विषय की जानकारी जिस भाषा में दी जा सकती है, उसी के अनुरूप सदन में बात रखी गई है। किसी के खिलाफ अपमानजनक शब्दों का प्रयोग नहीं हुआ है। उन्होंने कहा कि हिम केयर योजना में फर्जी बिलों के माध्यम से सरकारी धन के दुरुपयोग का मामला गंभीर है और सरकार इसकी जांच एवं कार्रवाई कर रही है।भाजपा विधायकों की ओर से सदन में लाए गए काम रोको प्रस्ताव पर मुख्यमंत्री ने सवाल उठाते हुए कहा कि विपक्ष के पास न तो चर्चा के लिए ठोस जानकारी है और न ही कोई पुख्ता सबूत। ऐसे में यह प्रस्ताव किस आधार पर लाया गया है, यह समझ से परे है। यदि विपक्ष के पास कोई तथ्य या प्रमाण हैं तो उन्हें सदन में प्रस्तुत करना चाहिए।
मुख्यमंत्री ने पूर्व भाजपा सरकार के कार्यकाल में पुलिस भर्ती और अन्य सरकारी नौकरियों की परीक्षाओं में पेपर लीक होने के मामलों का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि उस समय इन मामलों में उचित कार्रवाई नहीं की गई। वर्तमान सरकार ने अधीनस्थ सेवाएं चयन बोर्ड को भंग किया और भर्ती घोटालों में संलिप्त दोषियों के खिलाफ कार्रवाई सुनिश्चित की। उन्होंने कहा कि दोषी लोग आज भी सलाखों के पीछे हैं।मुख्यमंत्री ने बताया कि प्रदेश सरकार के चार साल का कार्यकाल पूरा होने के अवसर पर 11 दिसंबर को सुजानपुर में भव्य कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। इस कार्यक्रम के माध्यम से सरकार अपने चार साल के कार्यकाल की उपलब्धियों को जनता के सामने रखेगी।