Summer express, फरीदाबाद। हरियाणा के फरीदाबाद में आगरा नहर में छलांग लगाकर आत्महत्या करने की बात कहकर लापता हुआ 24 वर्षीय युवक जिंदा मिल गया है। पुलिस ने उसे हाईवे पर वाहन जांच के दौरान एक ऑटो में बैठे हुए पकड़ा। पूछताछ में युवक ने बताया कि उसने अपनी पत्नी और ससुराल वालों को डराने के लिए नहर में कूदने का वीडियो बनाया था। इसके बाद वह अपनी बाइक और मोबाइल फोन नहर किनारे छोड़कर वहां से चला गया था।
युवक की तलाश में राज्य आपदा मोचन बल (SDRF) की टीम लगातार दो दिनों तक आगरा नहर में सर्च ऑपरेशन चलाती रही, लेकिन उसका कोई पता नहीं चल पाया। अब युवक के सकुशल मिलने के बाद पूरे मामले का खुलासा हुआ है। पुलिस के अनुसार, गांव मवई निवासी अरमान खान (24) जोमैटो में डिलीवरी का काम करता है। सुबह उसकी बाइक और मोबाइल फोन आगरा नहर के कठला पुल के पास लावारिस हालत में मिले थे।
इससे पहले अरमान ने करीब तीन मिनट का एक वीडियो बनाकर अपने पिता को भेजा था। वीडियो में उसने अपनी पत्नी आलिया पर मानसिक रूप से परेशान करने और ससुराल पक्ष के लोगों पर धमकाने के आरोप लगाए थे। वीडियो के अंत में उसने नहर में कूदकर जान देने की बात कही थी। सूचना मिलने पर परिजन मौके पर पहुंचे, लेकिन अरमान वहां नहीं मिला। उसकी बाइक और मोबाइल फोन नहर किनारे पड़े हुए थे।
अरमान के लापता होने की सूचना मिलने के बाद खेड़ी पुल थाना पुलिस मौके पर पहुंची और SDRF की टीम को बुलाया गया। इसके बाद आगरा नहर में तलाशी अभियान शुरू किया गया। टीम ने लगातार दो दिनों तक नहर में खोजबीन की, लेकिन युवक का कोई सुराग नहीं मिला।
अपने वीडियो में अरमान ने पत्नी पर शक करने, हर बात का हिसाब मांगने और उसे परिवार से अलग करने का आरोप लगाया था। उसने दावा किया था कि पत्नी के साथ विवाद के चलते वह कर्ज में डूब गया और कामकाज भी प्रभावित हो गया। इसके अलावा उसने ससुराल पक्ष पर धमकाने और परेशान करने के आरोप लगाए थे। अरमान और आलिया की शादी करीब साढ़े नौ महीने पहले हुई थी। दोनों पिछले एक महीने से परिवार से अलग किराये के मकान में रह रहे थे। बताया गया है कि अरमान की पत्नी गर्भवती है।
खेड़ी पुल थाना प्रभारी राकेश के अनुसार, पुलिस हाईवे पर थाने के पास वाहनों की जांच कर रही थी। इसी दौरान एक ऑटो में अरमान बैठा दिखाई दिया। पुलिस ने उसे हिरासत में लेकर पूछताछ की तो उसने बताया कि नहर में कूदने का वीडियो उसने पत्नी और ससुराल वालों को डराने के इरादे से बनाया था। युवक के मिलने के बाद नहर में चलाया जा रहा तलाशी अभियान बंद कर दिया गया है। पुलिस मामले के सभी पहलुओं की जांच कर रही है।