Summer express, नारनौल। शहर के मुख्य बाजार महावीर मार्ग पर शनिवार सुबह एक दुकान में आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। बताया जा रहा है कि एक दुकानदार की ओर से दुकान की नजर उतारने के लिए जलाया गया कागज हवा के साथ उड़कर पड़ोस की रेडिमेड कपड़ों की दुकान में जा गिरा। कागज के संपर्क में आते ही वहां रखे कपड़ों ने आग पकड़ ली और देखते ही देखते दुकान से धुएं का गुबार उठने लगा। सूचना मिलने पर दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची और करीब आधे घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। इस घटना में दुकान में रखा सामान जल गया, जिससे दुकानदार को हजारों रुपये का नुकसान हुआ।
जानकारी के अनुसार, शनिवार सुबह करीब आठ बजे महावीर मार्ग स्थित एक दुकानदार ने अपनी दुकान खोली। दुकान खोलने के बाद उसने पूजा-पाठ किया और परंपरा के अनुसार दुकान की नजर उतारने के लिए बाहर कागज जलाया। इसी दौरान जलता हुआ कागज हवा के झोंके के साथ उड़कर पास में स्थित रेडिमेड कपड़ों की दुकान के अंदर जा पहुंचा। दुकान में कपड़े और अन्य ज्वलनशील सामान मौजूद होने के कारण आग तेजी से फैल गई।
दुकान से धुआं निकलता देखकर आसपास के दुकानदारों ने संबंधित दुकानदार को इसकी जानकारी दी। सूचना मिलने पर वह तुरंत मौके पर पहुंचा और आग बुझाने का प्रयास किया। आसपास के लोगों ने भी आग पर काबू पाने में मदद की। इसके साथ ही दमकल विभाग और पुलिस को सूचना दी गई। मुख्य बाजार में आग लगने की जानकारी मिलते ही नगर परिषद के दमकल केंद्र से गाड़ी मौके पर पहुंची। दमकल कर्मियों ने आग बुझाने का अभियान शुरू किया और करीब आधे घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद लपटों पर काबू पा लिया।
सुबह के समय मुख्य बाजार में दुकान से धुआं उठता देखकर आसपास के दुकानदारों और राहगीरों की भीड़ जमा हो गई। आग की खबर फैलते ही बाजार में कुछ देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया। पुलिस ने भी मौके पर पहुंचकर घटना की जानकारी ली और हालात का जायजा लिया।
आसपास के दुकानदार महेंद्र, ललित, सुरेंद्र और अमित ने बताया कि शनिवार को कई दुकानदार सुबह और शाम अपनी दुकानों की नजर उतारने की परंपरा निभाते हैं। इसी दौरान जलाया गया कागज हवा में उड़कर पास की दुकान में पहुंच गया, जिससे वहां आग लग गई। घटना में दुकान का सामान जलने से हजारों रुपये का नुकसान हुआ है। हालांकि, इस मामले में किसी भी पक्ष की ओर से पुलिस को शिकायत नहीं दी गई है।