Summer express, जालंधर। पंजाब के जालंधर में आप नेता लकी ओबेरॉय के परिवार पर हमले की कोशिश का मामला सामने आया है। आरोप है कि एक्टिवा पर सवार होकर पहुंचे दो से तीन युवकों ने उनके छोटे भाई दमन ओबेरॉय को निशाना बनाने का प्रयास किया। हालांकि, गलत पहचान के चलते हमलावरों ने पास में खड़ी दूसरी इनोवा गाड़ी के शीशे तोड़ दिए। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी अपनी एक्टिवा मौके पर छोड़कर फरार हो गए।
पीड़ित पक्ष के अनुसार, पिछले कुछ दिनों से संदिग्ध युवक उनके घर और कार्यालय के आसपास लगातार चक्कर लगा रहे थे। परिवार को आशंका थी कि कुछ लोग उनकी गतिविधियों पर नजर रख रहे हैं और रेकी कर रहे हैं। इस संबंध में पुलिस को शिकायत भी दी गई थी, लेकिन उनका आरोप है कि शिकायत के बावजूद उन्हें सुरक्षा उपलब्ध नहीं कराई गई।
परिवार ने घटना को गंभीर बताते हुए अपनी सुरक्षा को लेकर चिंता जताई है। उनका कहना है कि पहले से मिल रही संदिग्ध गतिविधियों और धमकियों की शिकायत के बावजूद इस तरह की वारदात की कोशिश होना सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े करता है।
गौरतलब है कि 6 फरवरी को मॉडल टाउन गुरुद्वारा साहिब के बाहर आप नेता लकी ओबेरॉय की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। इस मामले में उनके भाई रमन ओबेरॉय मुख्य चश्मदीद गवाह बताए जा रहे हैं। रमन का आरोप है कि हत्या के मामले में केस वापस लेने के लिए उन पर दबाव बनाया जा रहा है। उनका दावा है कि उन्हें अलग-अलग फोन नंबरों के अलावा जेलों से भी जान से मारने की धमकियां मिल रही हैं। फिलहाल इस ताजा घटना में शामिल आरोपियों की पहचान और उनके इरादों को लेकर जांच की जानकारी सामने नहीं आई है।