पटना। गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई के नाम पर राज्यसभा सांसद उपेंद्र कुशवाहा को जान से मारने की धमकी देने के मामले में बिहार के सिवान जिले से एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस के अनुसार, आरोपी ने खुद को बिश्नोई गिरोह का सदस्य बताते हुए सांसद को एक खास राजनीतिक दल के खिलाफ बोलने से मना किया था और 10 दिनों के भीतर गंभीर परिणाम भुगतने की धमकी दी थी।
पटना के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) कार्तिकेय शर्मा ने जानकारी दी कि आरोपी से पूछताछ के दौरान उसने सांसद को कई बार कॉल कर धमकी देने की बात स्वीकार की है। पुलिस ने यह कार्रवाई सांसद के निजी सचिव की लिखित शिकायत के आधार पर की, जिसमें 19 जून को धमकी मिलने का उल्लेख किया गया था।
रात में आए थे धमकी भरे कॉल
एसएसपी शर्मा के मुताबिक, सांसद उपेंद्र कुशवाहा को 19 जून की रात करीब 8:52 से 9:20 बजे के बीच दो अलग-अलग मोबाइल नंबरों से कॉल आए थे। कॉलर ने खुद को कुख्यात लॉरेंस बिश्नोई गिरोह से जुड़ा बताया था। इस संबंध में सांसद ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ (पूर्व में ट्विटर) पर भी जानकारी साझा की थी।
आरोपी का गैंग से नहीं है कोई कनेक्शन
पुलिस जांच में सामने आया है कि गिरफ्तार व्यक्ति का लॉरेंस बिश्नोई गैंग से कोई सीधा संबंध नहीं है। वह पहले उपेंद्र कुशवाहा की पार्टी राष्ट्रीय लोक मोर्चा (RLM) से जुड़ा रहा है, जो एनडीए का घटक दल है। पुलिस फिलहाल पूरे मामले की गहन जांच कर रही है, ताकि धमकी के पीछे की मंशा और व्यक्ति की पृष्ठभूमि का पूरा पता लगाया जा सके।