लखनऊ। समाजवादी पार्टी (सपा) ने पार्टी लाइन से हटकर काम करने और भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के समर्थन में जाने के आरोप में अपने तीन विधायकों को सोमवार को पार्टी से निष्कासित कर दिया। निष्कासन की कार्रवाई गोसाईगंज से विधायक अभय सिंह, गौरीगंज से विधायक राकेश प्रताप सिंह और ऊंचाहार से विधायक मनोज कुमार पांडेय के खिलाफ की गई है।
पार्टी ने “एक्स” पर की कार्रवाई की घोषणा
सपा ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ (पूर्व में ट्विटर) पर एक आधिकारिक पोस्ट में लिखा: “समाजवादी पार्टी की समावेशी, प्रगतिशील विचारधारा के खिलाफ जाकर तीन विधायकों ने विभाजनकारी, साम्प्रदायिक और जनविरोधी रुख अपनाया है। उन्होंने किसानों, महिलाओं, युवाओं, व्यापारियों, नौकरीपेशा वर्गों और पीडीए (पिछड़े, दलित, अल्पसंख्यक) विरोधी मानसिकता का समर्थन किया है। इसलिए उन्हें पार्टी से निष्कासित किया जाता है।”
सपा ने यह भी कहा कि इन विधायकों को ‘हृदय परिवर्तन’ के लिए जो अनुग्रह-अवधि दी गई थी, वह अब समाप्त हो चुकी है। अन्य विधायकों को उनके ‘अच्छे व्यवहार’ के चलते अभी यह समयसीमा दी जा रही है।
राज्यसभा चुनाव में की थी क्रॉस वोटिंग?
सपा ने आरोप लगाया कि तीनों विधायक पिछले साल हुए राज्यसभा चुनाव में पार्टी लाइन से हटकर भाजपा के उम्मीदवारों को वोट दे चुके हैं। हालांकि उस समय पार्टी ने उनके खिलाफ तत्काल कोई अनुशासनात्मक कार्रवाई नहीं की थी, लेकिन अब संगठन विरोधी गतिविधियों को लेकर सख्त रुख अपनाया गया है।
“जनविरोधी प्रवृत्तियों के लिए सपा में कोई स्थान नहीं”
सपा ने अपने बयान में कहा: “भविष्य में भी जो भी समाजवादी विचारधारा के मूल सिद्धांतों से भटककर जनविरोधी रुख अपनाएंगे, उन्हें पार्टी में कोई स्थान नहीं मिलेगा। ऐसी गतिविधियां अक्षम्य मानी जाएंगी।” पार्टी ने अंत में तीनों विधायकों को संबोधित करते हुए कहा, “जहां भी रहें, विश्वसनीय रहें! सहृदय शुभकामनाएं!”