पूर्वी चंपारण | बिहार के पूर्वी चंपारण जिले में एक नवविवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का सनसनीखेज मामला सामने आया है। मंगलवार को पुलिस ने 12 फीट गहराई में दफन एक महिला का शव खेत से बरामद किया। शव की पहचान पताही थाना क्षेत्र के बखरी पंचायत निवासी शंकर राउत की 20 वर्षीय बेटी कविता कुमारी के रूप में हुई है।
26 अप्रैल को हुई थी शादी, 20 जून को मिली ‘लापता’ होने की सूचना
पुलिस के मुताबिक, कविता की शादी पिपरा डीह गांव के कुंदन कुमार से 26 अप्रैल 2025 को हुई थी। लेकिन शादी के महज दो महीने बाद ही 20 जून को कविता के ससुर नरेश सिंह ने लड़की के पिता शंकर राउत को फोन कर बताया कि उनकी बेटी घर से गायब हो गई है।
हालांकि, परिजनों को यह बात संदिग्ध लगी, जिसके बाद शंकर राउत ने पिपराकोठी थाने में शिकायत दर्ज कराई और किसी अनहोनी की आशंका जताई।
पुलिस ने खेत से बरामद किया शव, जेसीबी से खुदाई कर निकाला गया बाहर
शिकायत के बाद पुलिस ने गंभीरता से मामले की जांच शुरू की और स्थानीय लोगों की सूचना पर एक खेत में खुदाई कराई। खुदाई के दौरान करीब 12 फीट नीचे मिट्टी में दबा कविता का शव मिला। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
पुलिस जांच जारी, ससुराल पक्ष पर शक की सुई
फिलहाल कविता की मौत को लेकर ससुराल पक्ष पर गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और जल्द ही आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की बात कही है।