अबुजा। उत्तर-मध्य नाइजर राज्य में नाइजीरियाई सेना और सैकड़ों हथियारबंद हमलावरों के बीच भीषण मुठभेड़ हुई, जिसमें 14 सैनिकों की जान चली गई और 10 अन्य घायल हो गए। सेना ने बुधवार को यह जानकारी दी। यह मुठभेड़ मैरिगा काउंसिल एरिया के क्वानर दुथसे फॉरेस्ट में हुई, जिसे लंबे समय से अपराधियों का गढ़ माना जाता है।
हमले की पूरी तस्वीर
करीब 300 हथियारबंद अपराधी, जो जंगल में छिपे हुए थे, आसपास के गांवों पर हमला करने की तैयारी में थे। जैसे ही सेना को खुफिया सूचना मिली, उन्होंने प्रिसिजन एयर स्ट्राइक और जमीनी ऑपरेशन शुरू किया।
सेना ने हमलावरों को रोकने के लिए मोर्चा संभाला, लेकिन इस संघर्ष में 14 जवान शहीद हो गए। हमले में 10 जवान घायल भी हुए हैं, जबकि गिरोह को भी भारी नुकसान पहुंचाया गया है।
लंबे समय से है खतरे का क्षेत्र
क्वानर दुथसे फॉरेस्ट उस क्षेत्र के रूप में जाना जाता है, जहां अपराधी गिरोह अक्सर छिपते हैं और फिर अपहरण, तस्करी और डकैती जैसी वारदातों को अंजाम देते हैं।
स्थानीय लोगों और सुरक्षा एजेंसियों का कहना है कि ये गिरोह पहले किसान हुआ करते थे, लेकिन धीरे-धीरे ये अपराधी नेटवर्क में तब्दील हो गए।
ग्रामीणों में डर का माहौल
इस तरह की हिंसक घटनाओं ने स्थानीय ग्रामीणों के बीच भय का वातावरण पैदा कर दिया है। नाइजीरियाई सेना ने इसे संगठित आतंकवाद और सशस्त्र विद्रोह करार दिया है और कहा है कि सरकार इन गिरोहों का पूरी ताकत से सफाया करने के लिए प्रतिबद्ध है।