रोहतास | बिहार में भ्रष्टाचार के खिलाफ निगरानी अन्वेषण ब्यूरो की कार्रवाई जारी है। ताजा मामले में रोहतास जिले के दावथ अंचल कार्यालय में पदस्थापित राजस्व कर्मचारी कन्हैया कुमार और एक बिचौलिया को 18 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगेहाथ गिरफ्तार किया गया है।
ब्यूरो के सूत्रों के मुताबिक, दावथ थाना क्षेत्र के सेमरी गांव निवासी पिंटू कुमार ने निगरानी ब्यूरो में शिकायत दर्ज कराई थी कि दाखिल-खारिज की प्रक्रिया के बदले राजस्व कर्मचारी कन्हैया कुमार ने रिश्वत की मांग की है।
शिकायत की जांच के दौरान आरोपों की पुष्टि होने पर मामला दर्ज कर निगरानी ब्यूरो के पुलिस उपाधीक्षक राजेश कुमार के नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन किया गया। इस टीम ने छापेमारी करते हुए कन्हैया कुमार और उसके साथ काम कर रहे बिचौलिया सुनील कुमार को रिश्वत लेते हुए दावथ अंचल कार्यालय से गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तारी के बाद दोनों आरोपियों से पूछताछ की गई और अब उन्हें पटना स्थित निगरानी की विशेष अदालत में पेश किया जाएगा। निगरानी ब्यूरो द्वारा मामले की आगे की जांच की जा रही है।