राजगीर | लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) के राष्ट्रीय अध्यक्ष और केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान ने आगामी बिहार विधानसभा चुनाव को लेकर बड़ा ऐलान किया है। उन्होंने स्पष्ट किया कि वे किसी एक सीट से नहीं बल्कि पूरे बिहार के विकास एजेंडे के तहत चुनाव लड़ेंगे।
राजगीर में आयोजित बहुजन भीम संकल्प समागम को संबोधित करते हुए चिराग पासवान ने कहा, “मैं बिहार से नहीं, बल्कि बिहार के लिए चुनाव लड़ूंगा। गठबंधन के तहत सभी 243 विधानसभा सीटों पर हमारी पार्टी चुनाव मैदान में उतरेगी।” उन्होंने अपने पुराने नारे ‘बिहार फर्स्ट, बिहारी फर्स्ट’ को दोहराते हुए कहा कि यह सिर्फ एक नारा नहीं, बल्कि एक विजन है जिसे हम जमीन पर उतारेंगे।
संविधान और आरक्षण पर दी स्पष्टता
केंद्रीय मंत्री ने भरोसा दिलाया कि लोजपा (रामविलास) संविधान और आरक्षण को लेकर पूरी तरह प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा, “जब तक लोजपा रामविलास है, न तो संविधान को कोई खतरा है, न ही आरक्षण को। हमारी प्राथमिकता सामाजिक न्याय और समावेशी विकास है।”
तेजस्वी यादव पर हमला
तेजस्वी यादव के 20 महीने सत्ता में रहने के दौरान किए गए कार्यों पर निशाना साधते हुए चिराग ने कहा, “जो नौकरी के बदले जमीन ली गई थी, अब उसे भी लोगों को लौटाना होगा।” उन्होंने तंज करते हुए कहा कि असली काम करने वाली सरकार वही होती है जो जनता को आत्मनिर्भर बनाए, न कि वादों में उलझाकर रखे।
बिहार के विकास का खाका पेश किया
चिराग पासवान ने कहा कि लोजपा रामविलास का लक्ष्य है कि बिहार को विकसित राज्यों की श्रेणी में शामिल किया जाए। उन्होंने कहा, “हम ऐसी व्यवस्था लाएंगे जिसमें न रोजगार के लिए बाहर जाना पड़े, न शिक्षा और इलाज के लिए राज्य से पलायन करना पड़े। हमारा प्रयास होगा कि हर बिहारी को अपने राज्य में ही बेहतर अवसर और सुविधाएं मिलें।“