Shimla, 30 June
हिमाचल प्रदेश भारतीय जनता पार्टी को नया, लेकिन परिचित नेतृत्व मिलने जा रहा है। डॉ. राजीव बिंदल का एक बार फिर प्रदेश अध्यक्ष बनना लगभग तय हो गया है। उनकी नियुक्ति की औपचारिक घोषणा मंगलवार सुबह 11 बजे पीटरहॉफ में केंद्रीय राज्य मंत्री डॉ. जितेंद्र सिंह करेंगे।
सोमवार को पार्टी मुख्यालय ‘दीप कमल’ में चुनाव प्रक्रिया संपन्न हुई, जिसमें अध्यक्ष पद के लिए केवल डॉ. बिंदल ने नामांकन दाखिल किया। इसके चलते उनका निर्विरोध चुनाव तय माना जा रहा है।प्रदेश अध्यक्ष के साथ-साथ भाजपा की राष्ट्रीय परिषद के लिए भी आठ सदस्यों का चुनाव हुआ है। नामांकन दाखिल करने वालों में पवन काजल, गोविंद ठाकुर, त्रिलोक कपूर, बिहारी लाल शर्मा, रश्मि धर सूद, पायल वैद्य, संजीव कटवाल और राजीव सैजल शामिल हैं।
चुनाव प्रभारी सांसद राजीव भारद्वाज ने बताया कि नामांकन प्रक्रिया सोमवार दोपहर 2 बजे तक पूरी हो गई थी। डॉ. बिंदल के समर्थन में तीन प्रस्ताव सामने आए — पहला विधायक दल की ओर से पूर्व मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने रखा, दूसरा सांसद अनुराग ठाकुर सहित अन्य सांसदों व पूर्व अध्यक्षों द्वारा, और तीसरा प्रस्ताव गोविंद सिंह ठाकुर व पार्टी पदाधिकारियों की ओर से प्रस्तुत किया गया।मंगलवार को नई प्रदेश कार्यकारिणी की भी घोषणा की जाएगी, जो वर्ष 2027 के विधानसभा चुनावों की तैयारियों का नेतृत्व करेगी।