इंदौर/शिलांग | चर्चित राजा हत्याकांड मामले में तेजी से कार्रवाई करते हुए शिलांग पुलिस सोमवार को आरोपी शिलोम जेम्स को लेकर शिलांग रवाना हो गई। इंदौर पुलिस के एडिशनल डीसीपी राजेश दंडोतिया ने बताया कि शिलांग पुलिस शनिवार देर रात आरोपी को इंदौर लेकर आई थी, जहां प्रारंभिक पूछताछ के बाद टीम रतलाम गई और वहां से सोने के आभूषण और एक लैपटॉप बरामद किया।
बरामद आभूषणों में दो मंगलसूत्र, पायल, बिछिया और एक सोने का हार शामिल हैं। पुलिस सूत्रों के अनुसार, इनमें से कुछ गहने वही हैं जो राजा ने सोनम के लिए खरीदे थे। राजा की हत्या के बाद सोनम इंदौर पहुंची थी। शिलांग पुलिस ने बरामद सामान को सबूत के तौर पर जब्त कर लिया है।
शिलांग पुलिस कर रही है विस्तृत जांच
एडिशनल डीसीपी दंडोतिया ने जानकारी दी कि शिलांग पुलिस ने दो दिन तक इंदौर और रतलाम में जांच की और आवश्यक सामग्री जुटाने के बाद आज आरोपी को लेकर रवाना हो गई। पुलिस फिलहाल इस मामले में आगे की जांच कर रही है और फिलहाल इसे जांच का हिस्सा बताया जा रहा है।
शिलोम जेम्स को जल्द ही शिलांग की अदालत में पेश किया जाएगा। हत्याकांड से जुड़े सभी अहम सबूत शिलांग पुलिस के कब्जे में हैं और केस को लेकर विस्तृत रिपोर्ट तैयार की जा रही है।