Mandi, 2 July
जिला मंडी के स्यांज पंचायत के पंगलूर गांव में बीती रात आई अचानक बाढ़ ने दो परिवारों की जिंदगी उजाड़ दी। टकोली और ज्यूणी खड्डों के उफान पर आने से दो मकान, घर का सारा सामान, मवेशी, गौशाला और मत्स्य पालन के टैंक बाढ़ में बह गए। हादसा रात करीब 1 बजे हुआ।
इस भीषण त्रासदी में कुल 9 लोग लापता हुए हैं। इनमें से 70 वर्षीय देवकू देवी का शव पंडोह में बरामद कर लिया गया है, जबकि बाकी 8 की तलाश अभी भी जारी है। लापता लोगों में देवकू देवी के पति 75 वर्षीय पदम देव, तथा झाबे राम (50) का पूरा परिवार शामिल है – पत्नी पार्वती देवी (47), मां सुरमि देवी (70), बेटा इंद्र देव (29), बहू उमावती (27), पोती कनिका (9) और पोता गौतम (7)।
छत पर चढ़े, फिर भी न बच सके
पदम देव के बेटे तिलक राज ने बताया कि उनका परिवार खेती-बाड़ी करता था और आपदा के समय वह खुद अपने दूसरे घर बागा में पत्नी-बच्चों के साथ ठहरे हुए थे। रात की तेज बारिश के बाद खड्ड में अचानक पानी का बहाव बढ़ा, जिससे स्थिति भयावह हो गई। उन्होंने बताया कि रात 1:30 बजे तक माता-पिता से फोन पर बात होती रही, लेकिन इसके बाद संपर्क टूट गया और उनका पूरा घर बह गया।
सबकुछ बह गया, बचा सिर्फ जीवन
तिलक राज का कहना है कि अब उनके पास सिर्फ तन पर पहने कपड़े बचे हैं। उन्होंने प्रशासन से राहत और बचाव कार्य में तेजी लाने की अपील की है। ग्रामीणों ने भी जल्द कार्रवाई की मांग की है, ताकि लापता लोगों को खोजा जा सके।