न्यू जर्सी |अमेरिका के न्यू जर्सी में बुधवार शाम एक बड़ा हादसा उस वक्त हुआ जब स्काईडाइविंग के लिए इस्तेमाल किया जाने वाला विमान रनवे से आगे निकल गया और पास के जंगल में जा गिरा। इस दुर्घटना में विमान में सवार 15 लोग घायल हो गए, जिनमें 4 बच्चे भी शामिल हैं।
क्रॉस कीज हवाई अड्डे पर हुआ हादसा
संघीय विमानन प्रशासन (FAA) के मुताबिक, यह घटना फिलाडेल्फिया से करीब 34 किलोमीटर दूर स्थित क्रॉस कीज एयरपोर्ट पर हुई। हादसे का शिकार हुआ विमान ‘सेसना 208बी’ स्काईडाइविंग गतिविधियों के लिए इस्तेमाल किया जा रहा था।
जंगल में क्षतिग्रस्त अवस्था में मिला विमान
हवाई दृश्य में देखा गया कि विमान घने जंगल में गिरा हुआ है और उसकी हालत बुरी तरह क्षतिग्रस्त है। मौके पर दमकल विभाग और अन्य आपातकालीन सेवाओं की टीमें तैनात की गईं, जो राहत और बचाव कार्यों में जुटी हैं।
अस्पताल में इलाज जारी
कैमडन स्थित कूपर यूनिवर्सिटी हॉस्पिटल की प्रवक्ता वेंडी ए. मारानो ने जानकारी दी कि तीन घायलों को ट्रॉमा सेंटर में भर्ती किया गया है, जबकि आठ अन्य को आपातकालीन विभाग में प्राथमिक उपचार दिया जा रहा है। बाकी चार को बेहद हल्की चोटें आई हैं।
FAA कर रही है जांच
फिलहाल हादसे की जांच एफएए और अन्य संबंधित एजेंसियों द्वारा की जा रही है। यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि दुर्घटना का कारण तकनीकी खराबी थी या कोई और कारण।