सोनीपत | जिले में गर्मियों के दौरान फैक्ट्रियों में आग लगने की घटनाएं बढ़ती जा रही हैं। बुधवार देर रात कामी रोड स्थित SNG राइस मिल में अचानक भीषण आग लग गई। आग इतनी तेजी से फैली कि देखते ही देखते पूरी मिल जलकर राख हो गई। हालांकि, कर्मचारियों को समय रहते सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया, जिससे बड़ा हादसा टल गया।
सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची और घंटों की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। आग बुझाने के प्रयास में पुलिस और दमकल विभाग की संयुक्त टीम सक्रिय रही।
इंस्पेक्टर धर्मपाल ने दी जानकारी
सदर थाना प्रभारी इंस्पेक्टर धर्मपाल सिंह ने बताया कि उन्हें गांव कामी रोड स्थित राइस मिल में आग लगने की सूचना मिली थी। दमकल विभाग की कई गाड़ियों को मौके पर भेजा गया, जिन्होंने अथक प्रयास से आग को फैलने से रोका और पूरी तरह बुझा दिया। फिलहाल, आग लगने के कारणों का पता नहीं चल सका है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।