{ट्रिब्यून चौक पर जुटे सैकड़ों राइडर्स, एसटीए कार्यालय पहुंचकर सौंपा ज्ञापन
शगुन कश्यप | चंडीगढ़
समर न्यूज
वर्ल्ड बाइक डे के अवसर पर सोमवार को चंडीगढ़ में ऐप-बेस्ड बाइक राइडर्स ने अपनी मांगों को लेकर प्रदर्शन किया। तेज बारिश के बावजूद बड़ी संख्या में राइडर्स अपनी बाइक के साथ ट्रिब्यून चौक पर पहुंचे। प्रदर्शन को देखते हुए मौके पर पुलिस बल भी तैनात रहा।
ऐप-बेस्ड बाइक राइडर्स एसोसिएशन के अध्यक्ष साहिल ने कहा कि बाइक टैक्सी सेवाओं पर रोक लगने से राइडर्स के रोजगार पर सीधा असर पड़ा है। उन्होंने कहा कि कई राइडर्स के लिए बाइक की मासिक किस्त चुकाना और परिवार का खर्च चलाना मुश्किल हो गया है।
प्रदर्शनकारियों ने प्रशासन से मांग की कि ऐप-बेस्ड बाइक टैक्सी सेवाओं को दोबारा शुरू करने के लिए जल्द समाधान निकाला जाए।
राइडर्स ने पहले योजना बनाई थी कि वे ट्रिब्यून चौक से अपनी बाइक की चाबियां लेकर स्टेट ट्रांसपोर्ट अथॉरिटी (एसटीए) कार्यालय पहुंचेंगे और वहां अधिकारियों को चाबियां सौंपकर विरोध दर्ज कराएंगे।
हालांकि, तेज बारिश के कारण कार्यक्रम में बदलाव करना पड़ा। इसके बाद राइडर्स बाइक से ही एसटीए कार्यालय पहुंचे और अधिकारियों को अपनी मांगों से संबंधित ज्ञापन सौंपा। प्रदर्शनकारियों ने कहा कि वे लंबे समय से प्रशासन के सामने अपनी समस्याएं उठा रहे हैं, लेकिन अभी तक कोई ठोस समाधान नहीं निकला है। राइडर्स ने चेतावनी दी कि यदि उनकी सेवाओं को बहाल करने और रोजगार से जुड़ी समस्याओं के समाधान के लिए जल्द कदम नहीं उठाए गए तो वे आने वाले दिनों में अपना आंदोलन जारी रखेंगे। एसोसिएशन ने प्रशासन से मांग की कि बाइक राइडर्स के रोजगार और रोजी-रोटी को ध्यान में रखते हुए इस मुद्दे पर जल्द निर्णय लिया जाए।