Summer express/चंबा,मंजूर पठान-: चंबा जिला के प्रसिद्ध साच पास में मौसम ने एक बार फिर करवट ली है। देर रात साच पास क्षेत्र में करीब तीन से चार इंच तक ताजा हिमपात दर्ज किया गया। अचानक हुई बर्फबारी के कारण साच पास से गुजरने वाली कई गाड़ियां भी फंस गईं, जिन्हें बाद में लोक निर्माण विभाग की मदद से सुरक्षित रूप से निकाला गया। क्षेत्र में रुक-रुक कर हो रहे हिमपात के चलते सड़क पर फिसलन बढ़ गई है और आवाजाही में भी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।मौसम में लगातार हो रहे अचानक बदलाव को देखते हुए प्रशासन ने साच पास की ओर जाने वाले पर्यटकों और स्थानीय लोगों से विशेष सावधानी बरतने की अपील की है। प्रशासन का कहना है कि पहाड़ी क्षेत्रों में मौसम कभी भी अचानक बदल सकता है, ऐसे में सफर पर निकलने से पहले मौसम विभाग की जानकारी लेना बेहद जरूरी है।
प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि यदि मौसम खराब हो या भारी बर्फबारी की संभावना हो तो अनावश्यक रूप से ऊंचाई वाले क्षेत्रों की ओर जाने से बचें। खासकर साच पास जैसे दुर्गम और ऊंचाई वाले क्षेत्रों में मौसम खराब होने पर सड़क पर फिसलन और यातायात संबंधी दिक्कतें बढ़ सकती हैं।वहीं, कार्यकारी एसडीएम चुराह आशीष ठाकुर ने भी लोगों से एहतियात बरतने की अपील की है। उन्होंने कहा कि साच पास में मौसम लगातार बदल रहा है और बीच-बीच में बर्फबारी हो रही है। ऐसे में पर्यटकों और आम लोगों को मौसम विभाग की जानकारी लेने के बाद ही अपनी यात्रा की योजना बनानी चाहिए।उन्होंने कहा कि अचानक होने वाली बर्फबारी के कारण साच पास में आवाजाही प्रभावित हो सकती है। प्रशासन की ओर से लोगों से सुरक्षित यात्रा करने और मौसम की स्थिति को ध्यान में रखते हुए ही आगे बढ़ने का आग्रह किया गया है।