summer express , अंबाला (अंकुर कपूर)। अंबाला शहर के धुलकोट क्षेत्र में निर्माणाधीन तीन मंजिला इमारत गिरने से हुए हादसे के बाद पूर्व मंत्री असीम गोयल ने मंगलवार को नागरिक अस्पताल पहुंचकर पीड़ित परिवारों से मुलाकात की। उन्होंने हादसे में जान गंवाने वाले लोगों के परिजनों को सांत्वना दी और अस्पताल में उपचाराधीन घायलों का हाल जाना। इस दौरान उन्होंने अस्पताल प्रशासन को घायलों के इलाज में किसी भी तरह की लापरवाही नहीं बरतने के निर्देश दिए।
धुलकोट इलाके में निर्माणाधीन इमारत के अचानक ढहने से करीब छह लोगों की मौत हो गई थी, जबकि कई अन्य लोग घायल हुए हैं। हादसे के बाद पूरे अंबाला में शोक का माहौल है। अंबाला लौटने के बाद असीम गोयल सीधे नागरिक अस्पताल पहुंचे और हादसा पीड़ित परिवारों से मिले। उन्होंने मृतकों के परिजनों को ढांढस बंधाया और कहा कि दुख की इस घड़ी में सरकार पीड़ित परिवारों के साथ खड़ी है।
पूर्व मंत्री ने अस्पताल में भर्ती घायलों से भी मुलाकात कर उनकी स्थिति की जानकारी ली। उन्होंने मुख्य चिकित्सा अधिकारी को घायलों को बेहतर चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराने और उपचार में किसी प्रकार की कमी न रहने देने के निर्देश दिए।
असीम गोयल ने कहा कि धुलकोट इमारत हादसे का मामला मुख्यमंत्री के संज्ञान में है। उन्होंने बताया कि राहत और बचाव कार्य के लिए लुधियाना से एनडीआरएफ की टीमों को भी मौके पर भेजा गया था। सरकार की ओर से हादसा पीड़ित परिवारों के लिए आर्थिक सहायता की घोषणा की गई है।
उन्होंने कहा कि हादसे में यदि किसी व्यक्ति या विभाग की लापरवाही सामने आती है तो जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। मामले की जांच के लिए एसआईटी का गठन किया जा चुका है, जो हादसे के कारणों और संभावित लापरवाही की जांच करेगी।