Summer express/चंबा,मंजुर पठान-: भरमौर-पांगी विधानसभा क्षेत्र में राजनीतिक बयानबाजी के बीच विधायक डॉ. जनकराज ने अपने ऊपर लगाए जा रहे आरोपों को लेकर पूर्व विधायक पर पलटवार किया है। पांगी दौरे के दौरान उन्होंने कहा कि उन्हें किसी के दबाव या डराने-धमकाने की जरूरत नहीं है और क्षेत्र की जनता उनके साथ खड़ी है। डॉ. जनकराज ने कहा कि वह जनता के बीच रहकर उनकी समस्याओं को समझने और उनके समाधान के लिए प्रयास कर रहे हैं। उन्होंने कहा, “मेरी खैर मेरे लोग करेंगे, कोई किसी के डराने से नहीं।” इस दौरान उन्होंने अपने ऊपर लगाए जा रहे आरोपों को लेकर सवाल उठाते हुए कहा, “क्या मैं अपराधी हूं? क्या मैं भ्रष्टाचारी हूं? किस बात के लिए मेरी खैर नहीं? या मैं आतंकवादी हूं?”
विधायक ने अपने कार्यकाल को लेकर लगाए जा रहे आरोपों पर खुली चुनौती देते हुए कहा कि यदि कोई उनके द्वारा किया गया एक भी गलत काम प्रमाण के साथ सामने लाता है तो वह विधानसभा की सदस्यता से इस्तीफा देने के लिए तैयार हैं। उन्होंने कहा, “एक गलत काम बताएं जो हमने किया हो, मैं आज विधानसभा की सदस्यता से त्यागपत्र दे दूंगा।”डॉ. जनकराज ने कहा कि उनका उद्देश्य लोगों की समस्याओं को सुनना और उनके समाधान के लिए काम करना है। उन्होंने कहा, “मैं पर्चियां देखता हूं, कमीशन नहीं खाता हूं। लोगों का दर्द साझा करता हूं, पर्ची के पैसे नहीं लेता।”उन्होंने कहा कि जनता के बीच जाकर उनकी परेशानियों को समझना उनकी प्राथमिकता है। विधायक ने कहा कि यदि उनके कार्यकाल में किए गए किसी गलत काम को प्रमाण सहित सामने लाया जाता है तो वह उसकी जिम्मेदारी लेने के लिए तैयार हैं।इस बयान के बाद क्षेत्र की राजनीति में आरोप-प्रत्यारोप का दौर और तेज होने के संकेत हैं।