Summer express/शिमला-: हिमाचल प्रदेश में एचआरटीसी के हजारों सेवानिवृत्त कर्मचारियों के लिए राहत की खबर है। प्रदेश सरकार ने निगम के करीब 8500 पेंशनरों को तीन प्रतिशत महंगाई भत्ता (डीए) देने का फैसला लिया है। इस संबंध में उपमुख्यमंत्री एवं परिवहन मंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने निगम के अधिकारियों को जल्द आवश्यक औपचारिकताएं पूरी करने के निर्देश दिए हैं।
जानकारी के मुताबिक, मुकेश अग्निहोत्री ने रामपुर से लौटने के बाद एचआरटीसी के अधिकारियों के साथ बैठक की। बैठक में पेंशनरों को डीए का लाभ देने सहित कर्मचारियों और सेवानिवृत्त कर्मियों से जुड़े विभिन्न वित्तीय मुद्दों पर विस्तार से चर्चा हुई। उपमुख्यमंत्री ने अधिकारियों को महंगाई भत्ता जारी करने की प्रक्रिया में तेजी लाने और जरूरी कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा।सरकार के इस निर्णय से लंबे समय से अपने आर्थिक लाभों का इंतजार कर रहे हजारों पूर्व कर्मचारियों को बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है। तीन प्रतिशत डीए मिलने से पेंशनरों की मासिक आय में भी बढ़ोतरी होगी।हालांकि, पेंशनरों की ओर से लंबे समय से आठ प्रतिशत महंगाई भत्ता देने की मांग उठाई जा रही है। ऐसे में सरकार ने फिलहाल तीन प्रतिशत डीए देने का निर्णय लिया है। अब पेंशनरों को इसके वास्तविक भुगतान और जारी होने की प्रक्रिया पूरी होने का इंतजार है।