Summer express, बेंगलुरु। कर्नाटक की राजधानी बेंगलुरु में सामूहिक हत्याकांड का सनसनीखेज मामला सामने आया है। यहां एक कैब ड्राइवर पर अपनी पत्नी समेत परिवार के सात सदस्यों की हत्या करने का आरोप लगा है। मृतकों में सात साल का एक मासूम बच्चा भी शामिल है। आरोपी इंदुशेखर ने पुलिस पूछताछ में पारिवारिक विवाद के चलते सात लोगों की हत्या करने की बात कबूल की है। पुलिस ने नंदी हिल्स की तलहटी से सात वर्षीय बच्चे पुनीत का शव बरामद कर लिया है, जबकि अन्य छह शवों की तलाश जारी है।
प्रारंभिक जांच में हत्याकांड की वजह घरेलू विवाद सामने आई है। पुलिस के मुताबिक, आरोपी अपनी पत्नी सुनीता के मायके के लोगों के साथ लगातार संपर्क और उसके परिवार से नजदीकियों को लेकर नाराज रहता था। इसी बात को लेकर पति-पत्नी के बीच अक्सर विवाद होता था। दोनों की शादी करीब 20 साल पहले हुई थी। सुनीता का बार-बार मायके जाना भी झगड़े की एक प्रमुख वजह बताया जा रहा है। परिवार के सदस्यों ने कई बार दोनों के बीच सुलह कराने का प्रयास किया, लेकिन उनके रिश्तों में तनाव कम नहीं हुआ।
पुलिस ने मृतकों की पहचान आरोपी की पत्नी सुनीता, सास रूपवती, साले शिवकुमार और शंकर, सालियों दिव्या और नलिनी तथा सात वर्षीय पुनीत के रूप में की है। पुनीत, शंकर का बेटा था। पुलिस की शुरुआती जांच के अनुसार, आरोपी ने कथित तौर पर पहले अपनी पत्नी की हत्या की और इसके बाद योजनाबद्ध तरीके से परिवार के अन्य सदस्यों को निशाना बनाया।
पुलिस सूत्रों के मुताबिक, आरोपी ने सबसे पहले सुनीता की सिलबट्टे से वार कर हत्या की। इसके बाद शव को कपड़े में लपेटकर नंदी हिल्स के पास ठिकाने लगा दिया। किसी को शक न हो, इसके लिए उसने सुनीता का मोबाइल फोन बंद कर दिया और पड़ोसियों को बताया कि वह कहीं घूमने गई है।
इसके बाद आरोपी ने अपने दोनों सालों शिवकुमार और शंकर को पार्टी देने के बहाने घर बुलाया। यहां उसने कथित तौर पर सिलबट्टे से हमला कर दोनों की हत्या कर दी। बाद में उनकी पत्नियों दिव्या और नलिनी, अपनी सास रूपवती तथा सात वर्षीय पुनीत को भी मौत के घाट उतार दिया। पुलिस को आशंका है कि आरोपी ने इन वारदातों को दो दिनों के भीतर अंजाम दिया।
मामले का खुलासा उस समय हुआ जब नलिनी की मां ने परिजनों के लापता होने की शिकायत श्रीरामपुरा पुलिस स्टेशन में दर्ज कराई। शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने जांच शुरू की तो हत्याकांड की परतें खुलने लगीं। जांच के आधार पर पुलिस ने आरोपी इंदुशेखर को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस के अनुसार, वारदात के बाद आरोपी ने घर में खून के निशान मिटाने और सफाई करने के लिए कथित तौर पर रसायनों का इस्तेमाल किया था। पुलिस ने शवों को ले जाने में इस्तेमाल की गई कार को जब्त कर लिया है। इसके अलावा हत्या में इस्तेमाल किया गया सिलबट्टा भी बरामद किया गया है।
उधर, नंदी हिल्स की तलहटी में करीब चार घंटे तक चलाए गए तलाशी अभियान के दौरान पुलिस को सात वर्षीय पुनीत का शव मिला। आरोपी ने पूछताछ में परिवार के सभी सात सदस्यों की हत्या करने का दावा किया है, लेकिन पुलिस अभी उसके बयानों की पुष्टि करने में जुटी है। बाकी शवों की तलाश के लिए अभियान जारी है।
पुलिस इस बात की भी जांच कर रही है कि वारदात को अंजाम देने में आरोपी की किसी अन्य व्यक्ति ने मदद तो नहीं की थी। जांच के दायरे में उसकी बेटी की संभावित भूमिका को लेकर भी पड़ताल की जा रही है। इसके साथ ही पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि रिहायशी इलाके में स्थित मकान में इतनी बड़ी वारदात होने के बावजूद आसपास के लोगों को इसकी भनक क्यों नहीं लगी।