Summer express,ठाणे। महाराष्ट्र के ठाणे में छठ पूजा के दौरान झील में डूबने से 20 वर्षीय युवक की मौत हो गई। हादसा कलवा रेलवे स्टेशन के नजदीक मफतलाल कंपाउंड स्थित झील में हुआ। क्षेत्रीय आपदा प्रबंधन प्रकोष्ठ के प्रमुख यासीन तडवी ने बताया कि मृतक की पहचान प्रदीप गुलाब विश्वकर्मा के रूप में हुई है। वह भास्कर नगर की एक चॉल में रहता था।
जानकारी के अनुसार, प्रदीप छठ पूजा के लिए झील में उतरा था। इसी दौरान वह पानी की गहराई का सही अंदाजा नहीं लगा पाया और डूब गया। आपातकालीन नियंत्रण कक्ष को सुबह करीब साढ़े छह बजे घटना की सूचना मिली। इसके बाद पुलिस, दमकल विभाग और आपदा प्रबंधन दल की टीमें मौके पर पहुंचीं और युवक की तलाश शुरू की।
बचाव अभियान के दौरान पानी के भीतर खोज के लिए टेलीस्कोपिक कैमरे का इस्तेमाल किया गया। यासीन तडवी के मुताबिक, सुबह करीब सवा सात बजे युवक का शव बरामद कर लिया गया। इसके बाद शव को पोस्टमार्टम और अन्य कानूनी प्रक्रियाओं के लिए कलवा स्थित छत्रपति शिवाजी महाराज अस्पताल भेज दिया गया।
कलवा पुलिस ने मामले में आकस्मिक मृत्यु का केस दर्ज किया है। पुलिस घटना से जुड़े तथ्यों की जांच कर रही है। गौरतलब है कि चार दिवसीय छठ पर्व 13 नवंबर से शुरू हुआ था। यह पर्व कार्तिक महीने के शुक्ल पक्ष की षष्ठी तिथि को मनाया जाता है, जो दीपावली के छह दिन बाद आती है।