Summer express, फरीदाबाद। प्राकृतिक आपदा भूस्खलन के खतरे को कम करने, उसकी समय रहते पहचान करने और प्रभावी चेतावनी प्रणाली विकसित करने के उद्देश्य से दुनिया भर के वैज्ञानिक और विशेषज्ञ फरीदाबाद में जुटेंगे। अमृता विश्व विद्यापीठम के सेक्टर-88 स्थित परिसर में 23 और 24 नवंबर को सातवें विश्व भूस्खलन मंच (वर्ल्ड लैंडस्लाइड फोरम-7) का आयोजन किया जाएगा। भारत पहली बार इस प्रतिष्ठित अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन की मेजबानी करेगा।
इस आयोजन में करीब 70 देशों के वैज्ञानिक, शोधकर्ता, इंजीनियर, नीति निर्माता और आपदा प्रबंधन से जुड़े विशेषज्ञ भाग लेंगे। सम्मेलन का मुख्य उद्देश्य भूस्खलन से जुड़े वैज्ञानिक शोध और तकनीकी समाधानों के माध्यम से सुरक्षित एवं आपदा-रोधी समुदायों के निर्माण की दिशा में विचार-विमर्श करना है।
दो दिवसीय मंच के दौरान भूस्खलन की पहचान, जोखिम का आकलन, रिमोट सेंसिंग, सैटेलाइट तकनीक, कृत्रिम बुद्धिमत्ता (एआई), डिजिटल ट्विन और प्रारंभिक चेतावनी प्रणाली जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा होगी। विशेषज्ञ इन तकनीकों के इस्तेमाल और उनके व्यावहारिक परिणामों पर अपने शोध और अनुभव साझा करेंगे।
सम्मेलन में इस बात पर भी मंथन किया जाएगा कि पहाड़ी क्षेत्रों में रहने वाली आबादी को भूस्खलन जैसी प्राकृतिक आपदाओं से सुरक्षित रखने के लिए वैज्ञानिक अनुसंधान और आधुनिक तकनीक का प्रभावी उपयोग किस तरह किया जा सकता है। इसके अलावा विभिन्न देशों के विशेषज्ञ आपदा जोखिम कम करने, पूर्वानुमान बेहतर बनाने और नुकसान को सीमित करने के उपायों पर विचार साझा करेंगे।
कार्यक्रम में केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी और विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी तथा पृथ्वी विज्ञान मंत्रालय के राज्य मंत्री डॉ. जितेंद्र सिंह भी शामिल होंगे। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार डॉ. जितेंद्र सिंह 23 नवंबर को दोपहर एक बजे से 1:30 बजे तक सम्मेलन को संबोधित करेंगे। वहीं, 24 नवंबर को केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी सुबह 11 बजे से दोपहर एक बजे तक अपने विचार रखेंगे।
विश्व भूस्खलन मंच के आयोजन से वैज्ञानिकों और नीति निर्माताओं को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर शोध, तकनीक और आपदा प्रबंधन से जुड़े अनुभव साझा करने का अवसर मिलेगा। भारत में पहली बार इस सम्मेलन का आयोजन होने से देश को भूस्खलन जोखिम प्रबंधन के क्षेत्र में वैश्विक विशेषज्ञों के साथ सहयोग बढ़ाने का मंच भी मिलेगा।