Facebook-f Youtube Summer Express - Header One X-twitter

20 नवंबर को विधानसभा का घेराव करेगी आम आदमी पार्टी, मनीष सिसोदिया संभालेंगे मोर्चा

धर्मशाला में जुटेंगे हजारों कार्यकर्ता, चुनावी गारंटियां पूरी न होने पर सुक्खू सरकार के खिलाफ खोला मोर्चा

आप प्रदेश प्रभारी ऋतुराज गोविंद झा ने पत्रकार वार्ता में किया प्रदर्शन का ऐलान, फतेहपुर ट्रक यूनियन से विधानसभा तक निकलेगी रैली

Summer express/राहुल चावला, धर्मशाला। हिमाचल प्रदेश विधानसभा के शीतकालीन सत्र के दौरान आम आदमी पार्टी ने प्रदेश की कांग्रेस सरकार के खिलाफ मोर्चा खोलने की तैयारी कर ली है। पार्टी 20 नवंबर को धर्मशाला में विधानसभा का घेराव करेगी। इस प्रदर्शन की अगुवाई दिल्ली के पूर्व उपमुख्यमंत्री एवं आम आदमी पार्टी के वरिष्ठ नेता मनीष सिसोदिया करेंगे। पार्टी का दावा है कि इस विरोध प्रदर्शन में प्रदेशभर से हजारों कार्यकर्ता और आम जनता शामिल होगी।

धर्मशाला में आयोजित पत्रकार वार्ता के दौरान आम आदमी पार्टी के हिमाचल प्रदेश प्रभारी ऋतुराज गोविंद झा ने आंदोलन की रूपरेखा साझा करते हुए बताया कि 20 नवंबर को मनीष सिसोदिया धर्मशाला पहुंचेंगे। दोपहर एक बजे इनफिनिटी होटल में पत्रकार वार्ता आयोजित की जाएगी। इसके बाद दोपहर डेढ़ बजे फतेहपुर ट्रक यूनियन के समीप पार्टी कार्यकर्ता एकत्रित होंगे और वहां से विधानसभा की ओर कूच करेंगे। उन्होंने कहा कि प्रदर्शन को लेकर प्रशासन को पहले ही सूचित कर दिया गया है।

चुनावी वादों को लेकर कांग्रेस सरकार पर हमला

ऋतुराज गोविंद झा ने मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू के नेतृत्व वाली कांग्रेस सरकार पर चुनाव के दौरान जनता से किए गए वादों को पूरा नहीं करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने सत्ता में आने से पहले आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल की गारंटियों को अपने चुनावी वादों के रूप में जनता के सामने पेश किया था। इनमें 300 यूनिट मुफ्त बिजली, पांच लाख युवाओं को रोजगार, महिलाओं को हर महीने 1500 रुपये देने, प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र में चार विश्वस्तरीय स्कूल खोलने और पंचायत स्तर पर मोहल्ला क्लीनिक की तर्ज पर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध करवाने जैसे वादे शामिल थे।उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार को सत्ता में आए काफी समय हो चुका है, लेकिन इन घोषणाओं को धरातल पर उतारने की दिशा में अपेक्षित काम नहीं हुआ है। झा ने कहा कि जनता ने कांग्रेस को इन वादों के आधार पर जनादेश दिया था, लेकिन अब सरकार अपनी जिम्मेदारी से पीछे हट रही है।

अल्टीमेटम के बाद आंदोलन का फैसला

आप प्रभारी ने बताया कि आम आदमी पार्टी ने करीब एक महीने पहले मुख्यमंत्री को अल्टीमेटम दिया था कि विधानसभा के शीतकालीन सत्र से पहले चुनावी गारंटियों को पूरा करने की दिशा में ठोस कदम उठाए जाएं। ऐसा नहीं होने पर विधानसभा का घेराव करने की चेतावनी दी गई थी। अब पार्टी अपने पूर्व घोषित कार्यक्रम के तहत सड़कों पर उतरने जा रही है।उन्होंने स्पष्ट किया कि आम आदमी पार्टी का प्रदर्शन शांतिपूर्ण रहेगा। लोकतांत्रिक व्यवस्था में सरकार के खिलाफ आवाज उठाना और अपनी मांगें रखना हर नागरिक का मौलिक अधिकार है। प्रशासन प्रदर्शनकारियों को जिस स्थान पर रोकेगा, पार्टी वहीं अपनी बात रखेगी। उन्होंने कहा कि सरकार को जनता के सवालों का जवाब देना चाहिए।

पंजाब का उदाहरण देकर सरकार को घेरा

ऋतुराज गोविंद झा ने पंजाब की आम आदमी पार्टी सरकार का उदाहरण देते हुए कहा कि वहां जनता से किए गए वादों को पूरा करने की दिशा में काम किया गया है, जबकि हिमाचल में कांग्रेस सरकार आर्थिक संसाधनों की कमी का हवाला देकर अपनी जिम्मेदारियों से बचने का प्रयास कर रही है।उन्होंने भाजपा और कांग्रेस दोनों पर निशाना साधते हुए कहा कि प्रदेश की जनता अब आरोप-प्रत्यारोप की राजनीति के बजाय विकास और जनहित के मुद्दों पर काम चाहती है। आम आदमी पार्टी विधानसभा घेराव के बाद भी अपना अभियान जारी रखेगी। इसके तहत गांवों, मोहल्लों और घरों तक पहुंचकर सरकार की कथित वादाखिलाफी को जनता के सामने रखा जाएगा।

25 हजार नए सदस्य जोड़ने का दावा

पत्रकार वार्ता में पार्टी के संगठनात्मक विस्तार को लेकर भी जानकारी दी गई। झा ने दावा किया कि हिमाचल प्रदेश में आम आदमी पार्टी के साथ अब तक 25 हजार से अधिक नए सदस्य जुड़ चुके हैं। प्रदेश की कुल 68 विधानसभा सीटों में से लगभग 50 क्षेत्रों में पार्टी की गतिविधियां सक्रिय हैं।उन्होंने बताया कि सदस्यता अभियान को विधानसभा क्षेत्र से लेकर ब्लॉक और पंचायत स्तर तक विस्तार दिया जा रहा है। पार्टी का लक्ष्य अधिक से अधिक लोगों को संगठन से जोड़कर प्रदेश में अपनी राजनीतिक स्थिति मजबूत करना है।

भाजपा की बी-टीम के आरोप पर कांग्रेस को जवाब

आम आदमी पार्टी को भाजपा की बी-टीम बताए जाने संबंधी सवाल पर ऋतुराज गोविंद झा ने कांग्रेस पर पलटवार किया। उन्होंने कहा कि आम आदमी पार्टी के कई वरिष्ठ नेताओं को अलग-अलग मामलों में जेल जाना पड़ा और बाद में न्यायालय से राहत मिली। वहीं, कांग्रेस के बड़े नेताओं से जुड़े मामलों में कार्रवाई को लेकर अलग-अलग सवाल उठाए जाते रहे हैं। उन्होंने कहा कि आम आदमी पार्टी अपनी ईमानदारी और कामकाज के मुद्दे पर जनता के बीच जाएगी।

शीशमहल विवाद पर भी रखा पक्ष

अरविंद केजरीवाल के सरकारी आवास को लेकर उठे सवाल पर झा ने कहा कि संबंधित आवास सरकार का था और लोक निर्माण विभाग की ओर से तैयार किया गया था। उन्होंने स्पष्ट किया कि मुख्यमंत्री रहते हुए केजरीवाल उस आवास में रहे थे और अब पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष के रूप में उन्हें सरकारी प्रक्रिया एवं न्यायालय के माध्यम से आवास आवंटित हुआ है। यह उनकी निजी संपत्ति नहीं है।अंत में झा ने दोहराया कि 20 नवंबर का विधानसभा घेराव शांतिपूर्ण तरीके से किया जाएगा। उन्होंने कहा कि आम आदमी पार्टी का मकसद सरकार को जनता से किए गए वादों की याद दिलाना और प्रदेश के लोगों से जुड़े मुद्दों को मजबूती से उठाना है। अब सभी की नजरें 20 नवंबर को होने वाले इस प्रदर्शन पर रहेंगी।

Chandrika

chandrika@summerexpress.in

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Trending

दीक्षांत समारोह में  सीजेआई सूर्यकांत का विद्यार्थियों को संदेश, बोले- जीवन में ऊंचाई पाने के लिए संघर्ष के साथ टीमवर्क भी जरूरी

Summer express/धर्मशाला,राहुल। भारत के मुख्य न्यायाधीश (सीजेआई) न्यायमूर्ति सूर्यकांत ने कहा कि हिमाचल प्रदेश के साथ उनका भावनात्मक रिश्ता है और यह प्रदेश उन्हें अपने घर जैसा लगता है। दिल्ली की प्रदूषित आबोहवा के बीच धर्मशाला पहुंचकर उन्हें शुद्ध हवा में सांस लेने का अवसर मिला है। हिमाचल प्रदेश केंद्रीय विश्वविद्यालय के 10वें दीक्षांत समारोह...

दीक्षांत के मंच से सुक्खू का बड़ा ऐलान, सरकारी स्कूलों के प्रवेश फॉर्म से हटेगा जाति का कॉलम

Summer express/राहुल चावला, धर्मशाला।मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने कहा कि शिक्षा का उद्देश्य केवल डिग्री हासिल करना नहीं, बल्कि जीवनभर सीखने की प्रवृत्ति विकसित करना और समाज के प्रति अपनी जिम्मेदारियों को समझना है। उन्होंने कहा कि दीक्षांत समारोह विद्यार्थियों के जीवन में एक नए अध्याय की शुरुआत है। युवा अपनी शिक्षा और प्रतिभा का...

मलाणा में भीषण अग्निकांड: तीन मंजिला मकान जलकर राख, 13 कमरे हुए खाक, लाखों का नुकसान

Summer express/कुल्लू-:ऐतिहासिक मलाणा गांव में बीती रात भीषण अग्निकांड से एक परिवार की वर्षों की मेहनत पलभर में राख हो गई। रात करीब 12 बजे दिले राम के तीन मंजिला मकान में अचानक आग लग गई। आग इतनी तेजी से फैली कि कुछ ही देर में पूरे भवन ने आग की लपटों का रूप ले...

देव जुन्गा के 22 टीका देवस्थल में उमड़ा आस्था का सैलाब,रातभर गूंजती रहीं पहाड़ी नाटियां

Summer express/शिमला (जुन्गा)। जुन्गा तहसील के ठूंड स्थित देव जुन्गा के ऐतिहासिक 22 टीका देवस्थल में देवोत्थान पर्व (देवठण) पारंपरिक रीति-रिवाजों और हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। इस धार्मिक आयोजन में हजारों श्रद्धालुओं ने देव जुन्गा के दरबार में शीश नवाकर सुख-समृद्धि का आशीर्वाद प्राप्त किया। देवठण के उपलक्ष्य में बीती रात पारंपरिक देव जागरण...

सिरसा नगर परिषद UCS घोटाले पर CM नायब सैनी का बड़ा एक्शन, JE बर्खास्त करने के आदेश

Summer express/सिरसा। हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने सिरसा में नगर परिषद से जुड़े UCS मामले को लेकर कड़ा रुख अपनाते हुए अधिकारियों और संबंधित ठेकेदार के खिलाफ सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। पंचायत भवन में आयोजित जिला कष्ट निवारण समिति की मासिक बैठक के दौरान मुख्यमंत्री ने शिकायत पर सुनवाई करते हुए...
Summer Express - header one

हम लाते हैं तेज़, साफ़ और भरोसेमंद ख़बरें — शोर के बीच भी सच्चाई तक पहुंचाने वाली।
चाहे ब्रेकिंग न्यूज़ हो या आपके लिए अहम कहानियाँ, हर दिन हम देते हैं समझदारी और रोचक अंदाज़ में कवरेज।

Must Read

©2025- All Right Reserved.