Summer express, भिवानी। शिक्षा, पर्यावरण संरक्षण और विश्व शांति के क्षेत्र में अंतरराष्ट्रीय स्तर पर सक्रिय भिवानी की बेटी डॉ. विभा भारद्वाज ने एक और उपलब्धि हासिल की है। उन्हें दक्षिण अमेरिका के ब्यूनस आयर्स में मानद डॉक्टरेट की उपाधि से सम्मानित किया गया है। इस उपलब्धि से उनके परिवार और भिवानी क्षेत्र में खुशी का माहौल है। उनके पिता वेद पुजारी ने बेटी की सफलता पर प्रसन्नता जताते हुए इसे पूरे जिले और देश के लिए गर्व का विषय बताया।
वेद पुजारी ने बताया कि डॉ. विभा भारद्वाज पर्यावरण संरक्षण, सतत विकास और विश्व शांति जैसे महत्वपूर्ण मुद्दों पर अंतरराष्ट्रीय स्तर पर काम कर रही हैं। ब्यूनस आयर्स में मानद डॉक्टरेट मिलने के अलावा उन्हें जापान में भी एक विशेष सम्मान के लिए आमंत्रित किया गया है। उन्होंने बताया कि विभा को अंतरराष्ट्रीय मंचों और बैठकों में अपने विचार रखने के लिए लगातार आमंत्रित किया जाता है। उन्हें विभिन्न देशों के आठ सांसदों के बीच पर्यावरण संरक्षण और विश्व शांति जैसे विषयों पर अपनी बात रखने का अवसर भी मिलता है।
पिता वेद पुजारी ने भावुक होते हुए कहा कि उन्हें अपनी बेटी की उपलब्धियों पर गर्व है। विदेश में रहते हुए भी विभा भारतीय संस्कृति, पर्यावरण संरक्षण और विश्व शांति का संदेश दुनिया के अलग-अलग देशों तक पहुंचा रही हैं। उनकी सफलता से न केवल परिवार, बल्कि पूरे भिवानी जिले का मान बढ़ा है। उन्होंने उम्मीद जताई कि विभा की उपलब्धियां दूसरी बेटियों और युवाओं को भी अपने लक्ष्य हासिल करने के लिए प्रेरित करेंगी।
भारत सरकार से राष्ट्रीय युवा पुरस्कार प्राप्त कर चुके पर्यावरण कार्यकर्ता अशोक कुमार भारद्वाज ने भी डॉ. विभा की उपलब्धि पर खुशी जताई। उन्होंने बताया कि विभा और उनके पिता वेद पुजारी लंबे समय से उनकी संस्था नेताजी सुभाष चंद्र बोस युवा जागृति सेवा समिति से जुड़े हुए हैं। संस्था की ओर से भिवानी सहित हरियाणा और राजस्थान में आयोजित पर्यावरण संरक्षण जागरूकता कार्यक्रमों में विभा ने सक्रिय भागीदारी निभाई है। इन कार्यक्रमों के माध्यम से उन्होंने युवाओं और विद्यार्थियों को पर्यावरण के प्रति जिम्मेदारी निभाने और प्रकृति संरक्षण के लिए आगे आने का संदेश दिया।
अशोक कुमार भारद्वाज ने कहा कि यह उनके लिए गर्व की बात है कि संस्था से जुड़ी विभा आज अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पर्यावरण संरक्षण और विश्व शांति की आवाज बनकर भारत का नाम रोशन कर रही हैं। उन्होंने कहा कि भिवानी ने खेलों के क्षेत्र में ओलंपिक, एशियाई और कॉमनवेल्थ खेलों तक अपनी पहचान बनाई है। अब यहां की प्रतिभाएं शिक्षा, शोध और पर्यावरण संरक्षण के क्षेत्र में भी वैश्विक स्तर पर अपनी उपलब्धियों का परचम लहरा रही हैं। उन्होंने बताया कि डॉ. विभा भारद्वाज के भिवानी पहुंचने पर उनका सम्मान किया जाएगा।