Summer express, पोलावरम। आंध्र प्रदेश में माओवादी गतिविधियों पर अंकुश लगाने के लिए चलाए जा रहे अभियान के दौरान पुलिस और सुरक्षा बलों को बड़ी सफलता मिली है। रामपाचोडावरम जिले के जंगलों में तलाशी अभियान के दौरान भारी मात्रा में विस्फोटक सामग्री, हथियारों से जुड़े उपकरण और माओवादियों के इस्तेमाल का सामान बरामद किया गया। यह कार्रवाई आंध्र प्रदेश स्पेशल पुलिस और केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) की संयुक्त टीम ने की।
समाचार एजेंसी एएनआई के अनुसार, संयुक्त अभियान के दौरान सुरक्षा बलों ने 670 जिंदा बैरल ग्रेनेड लॉन्चर (बीजीएल) शेल, 42 नॉन-इलेक्ट्रिक डेटोनेटर, 250 ग्राम बारूद, कॉर्डेक्स के 25 टुकड़े और 12 विस्फोटक रिंग बरामद किए। इसके अलावा सात जिंदा भरमार कारतूस, 62 एमएम मोर्टार के 16 खाली खोल, छह मीटर फ्यूज और चिकित्सा सामग्री भी मिली है।
पुलिस अधिकारी के मुताबिक, माओवादी कैडरों ने कथित तौर पर इस सामग्री को अपने अभियानों में इस्तेमाल करने के उद्देश्य से जंगल में छिपाकर रखा था। खुफिया सूचनाओं के आधार पर पोलावरम जिले के दुर्गम वन क्षेत्रों में तलाशी अभियान चलाया गया। इसमें स्पेशल पुलिस, सीआरपीएफ और अन्य सुरक्षा बलों के जवान शामिल रहे। अभियान से संबंधित अन्य जानकारियां जुटाई जा रही हैं।
इसी तरह की एक अन्य कार्रवाई में तेलंगाना पुलिस ने भी माओवादियों के खिलाफ बड़ी बरामदगी की है। भद्राद्री कोठागुडेम जिले में तेलंगाना-छत्तीसगढ़ सीमा के नजदीक जंगलों में तलाशी के दौरान प्रतिबंधित कम्युनिस्ट पार्टी ऑफ इंडिया (माओवादी) की पीपुल्स लिबरेशन गुरिल्ला आर्मी (पीएलजीए) बटालियन के तीन गुप्त ठिकानों से 280 बीजीएल शेल जब्त किए गए।
पुलिस के अनुसार, यह कार्रवाई 16 नवंबर को पुजारी कांकेर गांव के पास चार्ला पुलिस की ओर से चलाए गए तलाशी अभियान के दौरान की गई। इसमें स्पेशल पार्टी के जवानों के साथ बम निरोधक दस्ते को भी शामिल किया गया था। आत्मसमर्पण कर चुके माओवादियों से मिली जानकारी के आधार पर पुलिस ने इन ठिकानों की पहचान की थी। पूछताछ के दौरान उन्होंने प्रतिबंधित संगठन की ओर से जंगल में छिपाकर रखे गए सामान के संभावित स्थानों की जानकारी दी थी। इसके बाद सुरक्षा बलों ने अभियान चलाकर तीनों ठिकानों का पता लगाया और वहां से विस्फोटक सामग्री बरामद की।