Summer express,धर्मवीर- मंडी में खूंखार कुत्तों की बढ़ती समस्या से जल्द ही लोगों को राहत मिलने की उम्मीद है। शहर में आए दिन कुत्तों के हमलों और लोगों को काटने की घटनाओं को देखते हुए नगर निगम मंडी ने अब इस दिशा में ठोस कदम उठाने की तैयारी शुरू कर दी है। चंडीगढ़ की एक संस्था के सहयोग से शहर में खूंखार कुत्तों को रेस्क्यू कर रोपड़ ले जाने की योजना बनाई जा रही है। इसको लेकर नगर निगम मंडी और संबंधित संस्था के बीच विस्तृत चर्चा भी हो चुकी है।
नगर निगम मंडी की मेयर सुमन ठाकुर ने बताया कि हाल ही में चंडीगढ़ की एक संस्था के साथ इस विषय पर बातचीत हुई है। यह संस्था चंडीगढ़ में खूंखार कुत्तों को रेस्क्यू करने का काम करती है और उन्हें रोपड़ स्थित निर्धारित स्थान पर ले जाती है, जहां उनके रहने की उचित व्यवस्था उपलब्ध है। इसी तर्ज पर अब मंडी शहर में भी अभियान चलाने की तैयारी है।मेयर ने बताया कि संस्था की टीम जल्द ही पूरे शहर का सर्वे करेगी। इस दौरान ऐसे कुत्तों की पहचान की जाएगी जो लोगों पर हमला कर रहे हैं और उनके लिए खतरा बने हुए हैं। इसके बाद चिन्हित कुत्तों को रेस्क्यू कर रोपड़ भेजने की प्रक्रिया शुरू की जाएगी।उन्होंने स्पष्ट किया कि इस अभियान के तहत शहर के सभी कुत्तों को नहीं उठाया जाएगा, बल्कि केवल उन्हीं कुत्तों को रेस्क्यू किया जाएगा जो आक्रामक हैं और लोगों को काटने की घटनाओं में शामिल हैं। संस्था को चंडीगढ़ में इस तरह के रेस्क्यू अभियान का अच्छा अनुभव है। नगर निगम को उम्मीद है कि इस पहल से मंडी शहर में आवारा और आक्रामक कुत्तों की समस्या पर अंकुश लगेगा और लोगों को राहत मिलेगी।