आई-20 कार सवार युवकों ने दिया वारदात को अंजाम, घायल शरद की डीएमसी अस्पताल में हुई सर्जरी
अशवनी पाहवा/ सहजप्रीत सिंह समर न्यूज | लुधियाना
महानगर में मामूली सड़क हादसे के बाद विवाद इस कदर बढ़ गया कि आई-20 कार सवार युवकों ने एक अन्य कार चालक पर गोलियां चला दीं। वीरवार देर रात फिरोजपुर रोड स्थित वेरका मिल्क प्लांट के पास हुई इस वारदात में 37 वर्षीय क्लाउड किचन संचालक शरद निवासी राजा गार्डन, फिरोजपुर रोड गंभीर रूप से घायल हो गया। गोली शरद के पेट में लगी और आर-पार निकल गई।
उसे तुरंत डीएमसी अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने देर रात उसकी सर्जरी की। वारदात के बाद हमलावर मौके से फरार हो गए। थाना सराभा नगर पुलिस और सीआईए की टीमों ने जांच शुरू करते हुए सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली और देर रात आरोपियों की आई-20 कार खरड़ से बरामद कर ली। शरद वीरवार रात अपनी कार में सवार होकर परिवार के साथ शॉपिंग कर घर वापस लौट रहा था। इसी दौरान फिरोजपुर रोड स्थित वेरका मिल्क प्लांट की लाइटों के पास तीन कारों के बीच मामूली टक्कर हो गई। टक्कर के बाद कारों में सवार लोगों के बीच कहासुनी शुरू हो गई। शुरुआत में मामला मामूली विवाद का लग रहा था, लेकिन देखते ही देखते दोनों पक्षों के बीच बहस बढ़ गई। जैसे ही शरद ने अपना फोन निकाल पुलिस को मामले की सूचना देने की करी तो, इसी दौरान आई-20 कार में सवार युवकों ने अपना आपा खो दिया और शरद पर फायरिंग कर दी। अचानक हुई गोलीबारी से मौके पर अफरा-तफरी मच गई। गोली लगने से शरद सड़क पर गिर पड़ा, जबकि हमलावर अपनी कार लेकर मौके से फरार हो गए। हमलावर जाते-जाते शरद का मोबाइल फोन भी छीनकर ले गए।
पेट में लगी गोली, आर-पार निकली: फायरिंग के दौरान एक गोली शरद के पेट में लगी। गोली शरीर के आर-पार निकलने के कारण उसकी हालत गंभीर हो गई और काफी खून बह गया। घटना के तुरंत बाद घायल को उपचार के लिए डीएमसी अस्पताल में भर्ती करवाया गया। अस्पताल में डॉक्टरों की टीम ने उसकी गंभीर हालत को देखते हुए देर रात सर्जरी की। शरद की उम्र 37 वर्ष बताई जा रही है और वह अपना क्लाउड किचन चलाता है।
थाना सराभा नगर और सीआईए की टीमों ने संभाला मोर्चा: घटना की सूचना मिलते ही थाना सराभा नगर की पुलिस और सीआईए की टीमें मौके पर पहुंच गईं। पुलिस ने घटनास्थल का जायजा लेने के साथ आसपास के लोगों से पूछताछ की। इसके अलावा वारदात के समय वहां से गुजरने वाले वाहनों और संदिग्ध कार की जानकारी जुटाई गई। पुलिस ने वेरका मिल्क प्लांट के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगालनी शुरू कर दी, ताकि हमलावरों के भागने के रास्ते का पता लगाया जा सके।
सीसीटीवी फुटेज के आधार पर खरड़ से मिली कार: पुलिस ने सीसीटीवी कैमरों की फुटेज और अन्य सुरागों के आधार पर आरोपियों की कार की तलाश शुरू की। देर रात पुलिस को सफलता मिली और आरोपियों की आई-20 कार खरड़ से बरामद कर ली गई। कार की बरामदगी के बाद पुलिस की जांच और तेज हो गई है। सूत्रों के मुताबिक, पुलिस ने वारदात में शामिल युवकों की पहचान कर ली है और कुछ आरोपियों को हिरासत में लिए जाने की भी चर्चा है। हालांकि, अभी तक गिरफ्तारी की पुष्टि नहीं हुई है।