Summer express, मोगा। लुधियाना जाने की बात कहकर घर से निकले पति-पत्नी पिछले दो दिनों से लापता हैं। दोनों टाटा पंच कार में सवार होकर निकले थे। उनके साथ कंपनी के काम से जुड़े सात से आठ मोबाइल फोन भी थे। परिजनों ने मोगा से लेकर लुधियाना तक उनकी तलाश की, लेकिन अब तक कोई जानकारी नहीं मिल सकी है। सभी मोबाइल फोन बंद आने के कारण परिवार की चिंता लगातार बढ़ रही है। आखिरकार परिजनों ने पुलिस को लिखित शिकायत देकर दोनों को जल्द तलाशने की गुहार लगाई है।
पुलिस को दी शिकायत में पत्ती मालेकी निवासी सतपाल पुत्र रूप लाल ने बताया कि उनका बेटा कशिश कटारिया एक कंपनी में मार्केटिंग का काम करता है। इस सिलसिले में उसे अलग-अलग दुकानों पर जाना पड़ता है। 17 नवंबर को दोपहर करीब 3:50 बजे कशिश अपनी पत्नी कुलविंदर कौर के साथ टाटा पंच कार (PB76-B-6794) में घर से निकला था। उसने परिवार को बताया था कि वे काम के सिलसिले में लुधियाना जा रहे हैं।
परिजनों के मुताबिक, शाम तक जब दोनों घर नहीं लौटे तो उनकी तलाश शुरू की गई। पहले मोगा शहर में रिश्तेदारों और अन्य संभावित स्थानों पर खोजबीन की गई, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला। इसके बाद परिवार के सदस्य लुधियाना की ओर गए और मुल्लांपुर टोल प्लाजा पर जानकारी जुटाई। वहां पता चला कि उनकी कार शाम करीब 4:32 बजे टोल प्लाजा से गुजरी थी।
परिवार ने कशिश और कुलविंदर कौर के मोबाइल फोन पर कई बार संपर्क करने का प्रयास किया, लेकिन सभी फोन बंद मिले। बताया जा रहा है कि दंपति के पास करीब सात से आठ मोबाइल फोन थे, जो फिलहाल स्विच ऑफ आ रहे हैं। दो दिन तक कोई जानकारी नहीं मिलने पर सतपाल ने पुलिस से संपर्क किया और बेटे-बहू की गुमशुदगी की शिकायत दर्ज करवाई।
शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। परिजनों ने पुलिस से मोबाइल फोन की लोकेशन और अन्य तकनीकी माध्यमों से दोनों का पता लगाने की मांग की है।