Summer express, सीकर। राजस्थान के प्रसिद्ध खाटू श्याम जी मंदिर के नए निकास मार्ग पर स्थित एक भोजनालय में शुक्रवार तड़के भीषण आग लग गई। आग इतनी तेजी से फैली कि कुछ ही देर में उसने पूरे भोजनालय को अपनी चपेट में ले लिया। परिसर में रखे दो दर्जन से अधिक गैस सिलेंडरों में से चार सिलेंडर तेज धमाकों के साथ फट गए। आग की ऊंची लपटें दूर से दिखाई दे रही थीं, जिससे आसपास के इलाके में अफरा-तफरी मच गई।
घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय निवासी और व्यापारी मौके पर पहुंचे और आग बुझाने में जुट गए। सूचना मिलने पर मंदिर समिति और प्रशासन की दमकल गाड़ियां भी घटनास्थल पर पहुंचीं। पुलिस और प्रशासन के अधिकारी भी मौके पर पहुंचे और राहत एवं बचाव कार्यों की निगरानी की। स्थानीय लोगों, व्यापारियों और प्रशासनिक टीमों ने मिलकर काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। इस दौरान भोजनालय परिसर में रखे बाकी गैस सिलेंडरों को भी सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया।
आग लगने के कारणों का फिलहाल पता नहीं चल पाया है। प्रशासन की ओर से घटना की जांच की जा रही है। राहत की बात यह रही कि आग पर समय रहते काबू पा लिया गया और शेष सिलेंडरों को बाहर निकालने में सफलता मिली।
गौरतलब है कि खाटू श्याम जी में इन दिनों वार्षिक जयंती मेला चल रहा है, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंच रहे हैं। मेले में लाखों लोगों की मौजूदगी के बीच मंदिर के निकास मार्ग के पास हुई इस घटना से सुरक्षा को लेकर भी चिंता बढ़ गई।