Summer express, धर्मशाला। हिमाचल प्रदेश विधानसभा के शीतकालीन सत्र का अंतिम दिन राजनीतिक आरोप-प्रत्यारोप के नाम रहा। विपक्ष के नेता एवं पूर्व मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने सत्र में शामिल होने से पहले प्रदेश सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि विपक्ष अपने मुद्दों पर पहले की तरह कायम है। सरकार अब तक विपक्ष के सवालों का संतोषजनक जवाब नहीं दे पाई है। उन्होंने आरोप लगाया कि ‘हिमाचल ऑन सेल’ के मुद्दे पर मुख्यमंत्री कोई स्पष्ट जवाब देने में विफल रहे हैं।
जयराम ठाकुर ने कहा कि विपक्ष आज भी अपने मुद्दों को लेकर पूरी मजबूती से सदन में जा रहा है। सत्र के दौरान उठाए गए सवालों पर सरकार की ओर से अपेक्षित स्पष्टीकरण नहीं मिला है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के एक मंत्री के बयान के बाद देश और प्रदेश में अलग तरह का माहौल बना है, लेकिन इस मामले में भी सरकार की ओर से कोई स्पष्ट प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।
नेता प्रतिपक्ष ने कहा कि धर्मशाला के तपोवन में आयोजित यह सत्र कांग्रेस सरकार के कार्यकाल का अंतिम शीतकालीन सत्र है। उन्होंने प्रदेश सरकार पर पलटवार करते हुए सवाल किया कि पिछले चार वर्षों में सरकार क्या करती रही, जो अब विपक्ष को घेरने का प्रयास किया जा रहा है।
जयराम ठाकुर ने दिल्ली से भाजपा नेताओं को डांट पड़ने संबंधी चर्चाओं पर भी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि दिल्ली से डांट भाजपा नेताओं को नहीं पड़ती, बल्कि जिला परिषद चुनावों को लेकर कांग्रेस के मुखिया को ही दिल्ली से फटकार लगी है। उन्होंने सरकार पर विपक्ष के मुद्दों से ध्यान भटकाने का आरोप भी लगाया।