करनाल (राकेश कुमार शर्मा)। करनाल शहर में छह हजार रुपये के लेन-देन को लेकर हुए विवाद में एक युवक पर जानलेवा हमला करने का मामला सामने आया है। आरोप है कि कहासुनी के बाद दो युवकों ने लोहे के कड़े से पीड़ित के सिर पर वार कर उसे गंभीर रूप से घायल कर दिया। थाना शहर पुलिस ने घटना के कुछ ही समय बाद दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने वारदात में इस्तेमाल किया गया लोहे का कड़ा भी बरामद कर लिया है।
थाना शहर प्रभारी रामलाल ने बताया कि घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने कार्रवाई शुरू कर दी थी। पुलिस ने करीब एक से दो घंटे के भीतर दोनों आरोपियों को पकड़ लिया। शुरुआत में युवक पर चाकू से हमला किए जाने की बात सामने आई थी, लेकिन जांच में स्पष्ट हुआ कि उसके सिर पर लोहे के कड़े से वार किया गया था। पुलिस ने हमले में इस्तेमाल किया गया कड़ा बरामद कर लिया है। मामले में नियमानुसार आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
आरोपियों के सिर मुंडवाकर उन्हें बाजार में पैदल ले जाने के संबंध में थाना प्रभारी ने बताया कि पुलिस का ऐसा करने का कोई उद्देश्य नहीं था। उनके अनुसार, कई बार पुलिस वाहन में तकनीकी खराबी या क्लच प्लेट संबंधी समस्या आ जाती है। आरोपियों को जिस रास्ते से ले जाया गया, वह करीब 70 से 80 मीटर का था। पुलिस ने बताया कि आरोपियों से वारदात के संबंध में निशानदेही कराना भी जांच प्रक्रिया का हिस्सा था।
थाना प्रभारी रामलाल ने अभिभावकों से अपील की कि वे अपने बच्चों की गतिविधियों पर नजर रखें और उन्हें नशे तथा आपराधिक गतिविधियों से दूर रहने के लिए जागरूक करें। उन्होंने कहा कि शहर में अपराध करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। पुलिस अधीक्षक के निर्देशों पर दिन-रात गश्त की जा रही है और कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए लगातार कार्रवाई जारी है।