Summer express, बीजिंग। भारत और चीन के बीच सीमा पर जारी तनाव के बीच चीनी सेना ने कहा है कि दोनों देशों के सीमावर्ती क्षेत्रों में मौजूदा स्थिति सामान्य तौर पर स्थिर बनी हुई है। सीमा पर शांति और स्थिरता बनाए रखने के लिए दोनों देश राजनयिक और सैन्य माध्यमों से लगातार संपर्क में हैं। चीन का यह बयान ऐसे समय आया है, जब अरुणाचल प्रदेश में वास्तविक नियंत्रण रेखा (एलएसी) के पास चीनी सैनिकों के आक्रामक रुख को लेकर खबरें सामने आई हैं।
इस महीने दोनों देशों के बीच हुई उच्चस्तरीय सैन्य वार्ता को लेकर पूछे गए सवाल के जवाब में चीन के रक्षा मंत्रालय के प्रवक्ता सीनियर कर्नल चेन शी ने यह जानकारी दी। बीजिंग में आयोजित अपनी मासिक प्रेस वार्ता में उन्होंने कहा कि फिलहाल भारत और चीन के बीच सीमावर्ती इलाकों में हालात आम तौर पर स्थिर हैं। दोनों देश राजनयिक और सैन्य माध्यमों से बातचीत कर रहे हैं। इसमें जनरल स्तर की बैठकें भी शामिल हैं। दोनों पक्षों का प्रयास आपसी सहमति को लागू करना और सीमा पर शांति एवं स्थिरता बनाए रखना है।
प्रेस वार्ता के दौरान चेन शी ने अरुणाचल प्रदेश को लेकर चीन का पुराना दावा भी दोहराया। उन्होंने अरुणाचल प्रदेश को ‘जंगनन’ बताते हुए इसे चीन का हिस्सा होने का दावा किया। उन्होंने कहा कि चीन भारत की ओर से स्थापित तथाकथित अरुणाचल प्रदेश को मान्यता नहीं देता और इसे चीनी क्षेत्र मानता है। हालांकि, भारत पहले भी चीन के इन दावों को स्पष्ट रूप से खारिज कर चुका है। भारत का कहना है कि अरुणाचल प्रदेश देश का अभिन्न और अविभाज्य हिस्सा है तथा इस वास्तविकता को कोई बदल नहीं सकता।
अरुणाचल प्रदेश के ऊपरी सुबनसिरी क्षेत्र में चीनी सैनिकों की गतिविधियों और कथित आक्रामक रुख को लेकर दोनों देशों के शीर्ष सैन्य अधिकारियों के बीच कई दिनों तक बातचीत हुई थी। इससे पहले सितंबर में भी अरुणाचल प्रदेश सेक्टर में दोनों देशों की सेनाओं के वरिष्ठ कमांडरों के बीच फ्लैग मीटिंग आयोजित की गई थी। इन बैठकों का उद्देश्य सीमा पर तनाव कम करना और किसी भी तरह की गलतफहमी को दूर करना रहा है।
इस बीच भारत और जापान के बीच हाल ही में हुई ‘टू प्लस टू’ वार्ता पर प्रतिक्रिया देते हुए चीनी रक्षा प्रवक्ता ने जापान की सैन्य गतिविधियों पर सवाल उठाए। उन्होंने आरोप लगाया कि जापान दोबारा सैन्यीकरण की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहा है और वहां नया सैन्यवाद बढ़ रहा है। चेन शी ने अंतरराष्ट्रीय समुदाय से इस घटनाक्रम पर सतर्क रहने और इसके खिलाफ कड़े कदम उठाने की अपील की। उल्लेखनीय है कि भारत और जापान हालिया वार्ता में रक्षा सहयोग को और मजबूत करने तथा कई महत्वपूर्ण क्षेत्रों में साझेदारी बढ़ाने पर सहमत हुए हैं।