रोहतक | चुनाव आयोग द्वारा कांग्रेस सांसद राहुल गांधी से एफिडेविट की मांग पर हरियाणा के पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने कड़ा जवाब दिया है। उन्होंने कहा कि पहले चुनाव आयोग खुद हलफनामा दे कि देशभर में डुप्लीकेट वोट नहीं बने हैं। हुड्डा ने दावा किया कि उनके पास ऐसे कई सबूत हैं जो बताते हैं कि हरियाणा के अलग-अलग इलाकों में डबल वोट बने हुए हैं।
उन्होंने उदाहरण देते हुए कहा कि “एक-एक घर पर जीरो हाउस नंबर से 400 तक वोट बनाए गए हैं। अगर आयोग यह शपथपत्र देगा कि डुप्लीकेट वोट कहीं नहीं हैं, तो मैं सबूतों के साथ खुलासा करूंगा कि किस तरह से गड़बड़ियां हुई हैं।”
मनोहर लाल पर भी साधा निशाना
हुड्डा ने केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल पर भी कटाक्ष किया और कहा कि बड़े पद पर बैठे व्यक्ति को सोच-समझकर बयान देना चाहिए। दरअसल, मनोहर लाल ने कांग्रेस पर वोट चोरी और घुसपैठियों के वोट हड़पने के आरोप लगाए थे।
भिवानी हत्या केस में सीबीआई जांच की मांग
इस दौरान हुड्डा ने भिवानी की युवती मनीषा हत्याकांड को लेकर सीबीआई जांच की मांग की। उन्होंने कहा कि यह जघन्य अपराध प्रदेश की कानून-व्यवस्था की नाकामी को उजागर करता है। दोषियों को जल्द से जल्द गिरफ्तार कर कड़ी सजा मिलनी चाहिए। हुड्डा का कहना है कि प्रदेश में अपराध लगातार बढ़ रहे हैं और सरकार पूरी तरह फेल साबित हो रही है।