बरनाला | पंजाब सरकार ने ई-गवर्नेंस मिशन को एक नया आयाम देते हुए बरनाला जिले में राजस्व विभाग की 6 और ट्रांसपोर्ट विभाग की 29 नई सेवाओं की शुरुआत की है। ये सेवाएं अब आम नागरिकों को सेवा केंद्रों के माध्यम से सरल, पारदर्शी और तेज़ तरीके से उपलब्ध होंगी। इस संबंध में डिप्टी कमिश्नर टी. बेनिथ ने जानकारी दी कि यह पहल लोगों के समय की बचत के साथ-साथ पारदर्शिता सुनिश्चित करेगी।
डिजिटल फर्द से लेकर विरासती इंतकाल तक की सेवाएं अब सेवा केंद्रों से
राजस्व विभाग की ओर से जिन 6 नई सेवाओं की शुरुआत हुई है, उनमें डिजिटल फर्द प्रमुख है, जिसे अब सेवा केंद्रों से लिया जा सकता है। यह दस्तावेज व्हाट्सएप या ईमेल के ज़रिए मोबाइल पर भी प्राप्त किया जा सकेगा, जिससे लोगों को दफ्तरों के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे।
- विरासती इंतकाल और रजिस्टर्ड वसीके के आधार पर इंतकाल के लिए आवेदन।
- फर्द रिकॉर्ड में एंट्री या करेक्शन के लिए ऑनलाइन अर्जी।
- ऋण या कोर्ट केस से संबंधित रिपोर्ट की एंट्री।
- ‘सब्सक्रिप्शन सर्विस’ के तहत ज़मीन की निगरानी की सुविधा, जिसमें छेड़छाड़ की सूचना मोबाइल पर तुरंत मिल जाएगी।
ट्रांसपोर्ट विभाग की 29 सेवाएं भी अब सेवा केंद्रों से
जिला सेवा केंद्र प्रबंधक मनजीत शर्मा और डीटीसी संजय आहूजा ने बताया कि अब ड्राइविंग लाइसेंस नवीनीकरण, डुप्लीकेट लाइसेंस, पते में बदलाव, वाहन पंजीकरण जैसी ट्रांसपोर्ट विभाग की कुल 29 सेवाएं भी सेवा केंद्रों से ही मिल सकेंगी।
घर बैठे भी मिलेंगी सेवाएं, सिर्फ ₹50 में
जनता की सुविधा के लिए एक और महत्वपूर्ण कदम के तहत अब 1076 हेल्पलाइन नंबर पर कॉल करके अपनी सुविधानुसार समय तय किया जा सकता है। सेवा केंद्र का प्रतिनिधि निर्धारित समय पर नागरिक के घर जाकर सेवा प्रदान करेगा, जिसके लिए मात्र ₹50 का अतिरिक्त शुल्क लिया जाएगा।