बक्सर | जिले के मुफस्सिल थाना क्षेत्र में सोमवार दोपहर उस समय हड़कंप मच गया, जब अचानक गिरी आकाशीय बिजली की चपेट में आकर तीन लोगों की जान चली गई। हादसे के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई।
मुफस्सिल थाना प्रभारी शंभू भगत ने बताया कि घटना की जानकारी मिलते ही जिला प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची और घायलों को तुरंत इलाज के लिए नजदीकी सरकारी अस्पताल पहुंचाया गया। हालांकि, घायलों की संख्या फिलहाल स्पष्ट नहीं हो पाई है।
गौरतलब है कि इस साल अप्रैल महीने में भी राज्य के विभिन्न हिस्सों में वज्रपात और बिजली गिरने की घटनाओं में 90 से अधिक लोगों की जान जा चुकी है। नालंदा जिला सबसे अधिक प्रभावित रहा था, जहां 23 लोगों की मौत हुई थी। साथ ही इन घटनाओं में फसलों और मकानों को भी भारी नुकसान पहुंचा था। प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि खराब मौसम के दौरान खुले में न निकलें और सुरक्षित स्थानों पर रहें।