लखनऊ | उत्तर प्रदेश के उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने बृहस्पतिवार को कांग्रेस पार्टी पर तीखा हमला बोला। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस अब देश की जनता के बजाय पाकिस्तान पर अधिक भरोसा कर रही है और सत्ता में लौटने का सपना इसी भरोसे पर देख रही है।
डिप्टी सीएम मौर्य ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ (पूर्व ट्विटर) पर अपनी प्रतिक्रिया देते हुए लिखा, “कांग्रेस अब देश की जनता के बजाय पाकिस्तान के नेताओं के भरोसे पर ज्यादा निर्भर है। पाकिस्तान के भरोसे कांग्रेस सत्ता पाने का ख़्वाब देख रही है।”
उन्होंने यह बयान कांग्रेस नेताओं की हालिया पाकिस्तान को लेकर की गई टिप्पणियों को लेकर दिया। मौर्य ने कांग्रेस पर राष्ट्रीय हितों की अनदेखी करने का भी आरोप लगाया और कहा कि विपक्ष को देश की सुरक्षा और संवेदनशील मुद्दों पर ज़िम्मेदारी से बयान देना चाहिए।
उनके इस बयान के बाद सियासी हलकों में हलचल तेज हो गई है और कांग्रेस की तरफ से अब तक इस पर कोई औपचारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।